जापान सरकार ने बुधवार को जनसंख्या से जुड़ा हुआ आंकड़ा जारी किया। जिसके मुताबिक, आबादी में पांच लाख से ज्यादा की गिरावट आई है।
जापान की जनसंख्या में गिरावट इसलिए आई है, क्योंकि आबादी में बुजुर्ग व्यक्तियों का उच्च अनुपात बना हुआ है और जन्म दर कम बनी हुई है।
जापान में पिछले साल सबसे कम 7,30,000 बच्चों का जन्म हुआ, जबकि इस अवधि में 15.8 लाख लोगों की मौत हुई। आंकड़ों के मुताबिक, एक जनवरी को जापान की कुल आबादी 12.49 करोड़ थी।
बकौल जापान सरकार, विदेशी निवासियों की संख्या में 11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इसी के साथ ही पहली बार जापान में विदेशी निवासियों की संख्या बढ़कर 30 लाख से ज्यादा हो गई है।
जापान की आबादी में विदेशी निवासियों की हिस्सेदारी तीन फीसद हो गई है और इनमें से ज्यादातर की उम्र 15 से 64 के बीच है जो कामकाजी उम्र है।
सर्वेक्षणों के अनुसार, युवा जापानी शादी करने या बच्चे पैदा करने के प्रति अनिच्छुक हो रहे हैं, क्योंकि वे नौकरी की कम संभावनाओं, जीवन-यापन की उच्च लागत, लैंगिक भेदभाव की कॉरपोरेट कार्यशैली से हतोत्साहित हैं।
एक अनुमान के मुताबिक, 2070 तक जापान की आबादी 30 फीसदी की गिरावट के साथ महज 8.7 करोड़ रह जाएगी और उस समय हर 10 में से चार व्यक्ति 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के होंगे।