भारत की एयर स्ट्राइक में पाकिस्तान में बने आतंकी ठिकाने ध्वस्त, IAF की मिसाइलों ने जैश से लेकर लश्कर तक के हेडक्वार्टर को उड़ाया

Operation Sindoor in pics: भारत ने पाकिस्तान और पीओके में बने आतंकियों के 9 ठिकानों पर हमला बोला है। भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना ने मिलकर ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। भारत ने पाकिस्तान के लाहौर से महज कुछ दूरी पहले बने लश्कर के मुख्यालय को भी उड़ा दिया है। तस्वीरों में देखिए ऑपरेशन सिंदूर से कैसे दहला पाकिस्तान

Authored by: शिशुपाल कुमारUpdated May 7 2025, 09:53 IST
ऑपरेशन सिंदूर में तबाह हुए पाक में बने आतंकी ठिकाने01 / 07

ऑपरेशन सिंदूर में तबाह हुए पाक में बने आतंकी ठिकाने

भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम आतंकी हमले के दो सप्ताह बाद सख्त जवाबी करते हुए मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किये, जिनमें आतंकवादी समूहों लश्कर-ए-तोएबा और जैश- ए- मोहम्मद के गढ़ भी शामिल हैं। (फोटो- @AP)

पाकिस्तान पर किस समय भारत ने किया एयर स्ट्राइक02 / 07

पाकिस्तान पर किस समय भारत ने किया एयर स्ट्राइक

रक्षा मंत्रालय ने देर रात 1.44 बजे एक बयान में कहा कि सैन्य हमले "ऑपरेशन सिन्दूर" के तहत किए गए। इसमें कहा गया है कि भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई "केंद्रित और नपी-तुली थी। साथ ही यह ध्यान रखा गया है कि यह और न बढ़े। भारत की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "कुछ समय पहले, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में उन आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर हमला करते हुए 'ऑपरेशन सिन्दूर' शुरू किया जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों का मंसूबा बनाया गया और इसे निर्देशित किया गया। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने लक्ष्य के चयन और क्रियान्वयन के तरीके में काफी संयम दिखाया है।" ​ (फोटो- @AP)​

लाहौर के एकदम नजदीक एयर स्ट्राइक, लश्कर का मुख्यालय ध्वस्त03 / 07

लाहौर के एकदम नजदीक एयर स्ट्राइक, लश्कर का मुख्यालय ध्वस्त

अधिकारियों ने बताया कि जिन नौ ठिकानों को निशाना बनाया गया उनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय शामिल है। ये दोनों पाकिस्तान के पंजाब में हैं। लाहौर से थोड़ी दूरी पर स्थित मुरीदके, एक विशाल "मरकज़" यानी लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का अड्डा है और बहावलपुर जैश-ए-मोहम्मद का मुख्य गढ़ है। मामले से परिचित लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अन्य लक्ष्य - कोटली और मुजफ्फराबाद पीओके के क्षेत्र हैं जहां लश्कर और जैश दोनों के लंबे समय से आतंकी शिविर और प्रशिक्षण सुविधाएं हैं। (फोटो- @AP)

जैश-ए-मोहम्मद मुख्यालय भी हुआ तबाह04 / 07

जैश-ए-मोहम्मद मुख्यालय भी हुआ तबाह

भारतीय अधिकारियों ने कहा कि लक्षित नौ स्थलों में बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद मुख्यालय और मुरीदके में लश्कर का मुख्यालय शामिल हैं, दोनों पाकिस्तान के पंजाब में हैं। 1999 में आईसी-814 के अपहृत यात्रियों के बदले आतंकवादी मसूद अजहर की रिहाई के बाद बहावलपुर जैश-ए-मोहम्मद आतंकी समूह का केंद्र बन गया था। तब से यह समूह भारत में कई आतंकी हमलों में शामिल रहा है, जिसमें 2001 में संसद पर हमला, 2000 में जम्मू-कश्मीर विधानसभा पर हमला, 2016 में पठानकोट में भारतीय वायुसेना के अड्डे पर हमला और 2019 में पुलवामा आत्मघाती बम विस्फोट शामिल हैं। अजहर को वैश्विक आतंकवादी नामित किया गया है और अप्रैल 2019 के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है। ​ (फोटो- @AP)​

 मुरीदके में लश्कर का ठिकाना05 / 07

मुरीदके में लश्कर का ठिकाना

लाहौर से 30 किलोमीटर दूर मुरीदके 1990 से लश्कर का मुख्यालय रहा है। इसका मुखिया हाफिज सईद है और यह मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार है। अधिकारियों ने बताया कि इसने जम्मू-कश्मीर, बेंगलुरु और हैदराबाद समेत देश के कई अन्य हिस्सों में भी आतंकी हमले किए हैं। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा आतंकी समूह घोषित लश्कर का संदिग्ध सरगना सईद भारत की सर्वाधिक वांछित आतंकवादियों की सूची में है। ​ (फोटो- @AP)​

भारत ने लिया पहलगाम आतंकी हमले का बदला06 / 07

भारत ने लिया पहलगाम आतंकी हमले का बदला

भारत की यह कार्रवाई 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के दो सप्ताह बाद आई है। हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। रक्षा मंत्रालय के बयान में कहा गया कि ये कदम बर्बर पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर उठाए गए हैं जिसमें 25 भारतीयों और एक नेपाली नागरिक की हत्या कर दी गई थी। इसमें कहा गया कि हम इस प्रतिबद्धता पर कायम हैं कि हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।"

पाकिस्तान क्या बोला07 / 07

पाकिस्तान क्या बोला

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पंजाब प्रांत और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में बुधवार तड़के आतंकी ठिकानों पर भारत की ओर से किए गए मिसाइल हमलों को ‘युद्ध की कार्रवाई’ करार दिया और कहा कि उनके देश को ‘करारा जवाब’ देने का पूरा अधिकार है। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि भारत की ओर से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के कोटली और मुजफ्फराबाद और बहावलपुर में मिसाइल हमले किए गए। ​ (फोटो- @ANI)​

End of Photo Gallery
Subscribe to our daily Newsletter!