आम खरीदते समय हर बार चखना संभव नहीं होता। ऐसे में रंग, खुशबू, छिलके और डंठल जैसी कुछ छोटी बातों पर ध्यान देकर आसानी से पता लगाया जा सकता है कि आम खट्टा होगा या मीठा और रसीला।
पूरी तरह हरा आम अक्सर कच्चा और ज्यादा खट्टा हो सकता है। हालांकि कुछ किस्में पकने के बाद भी हरी रहती हैं, इसलिए केवल रंग पर निर्भर न रहें। हल्का पीला या सुनहरा रंग मिठास का संकेत माना जाता है।
पके और मीठे आम से डंठल के पास हल्की मीठी सुगंध आती है। अगर खुशबू बिल्कुल न हो या कच्ची घास जैसी महक आए, तो आम के खट्टा होने की संभावना ज्यादा रहती है।
पका हुआ आम हल्के दबाव में थोड़ा नरम महसूस होता है। बहुत ज्यादा सख्त आम अक्सर पूरी तरह पका नहीं होता और उसका स्वाद खट्टा हो सकता है।
बहुत चिकना और कड़ा छिलका कच्चेपन का संकेत हो सकता है। वहीं थोड़ा मुलायम वाला छिलका आम के पकने की ओर इशारा करता है।
एक ही आकार के दो आमों में जो आम ज्यादा भारी महसूस हो, उसमें रस अधिक होने की संभावना रहती है। ऐसे आम आमतौर पर ज्यादा स्वादिष्ट और कम खट्टे होते हैं।
छोटे-छोटे काले धब्बे अक्सर आम के अच्छे से पकने का संकेत होते हैं। हालांकि बहुत ज्यादा सड़े या गहरे धब्बों वाले आम खरीदने से बचना चाहिए।
अगली बार आम खरीदने जाएं तो जरूर ही आपको ये वाली टिप्स याद रखनी चाहिए।