Entertainment News Today: एंटरटेनमेंट की दुनिया में आज कई ऐसी खबरें सामने आईं, जिन्होंने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बॉलीवुड से लेकर टीवी और ओटीटी तक कई अपडेट्स चर्चा का विषय बने रहे। एक तरफ दीपिका पादुकोण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह भावुक नजर आईं। इस वीडियो को देखकर उनके फैंस भी इमोशनल हो गए। वहीं दूसरी ओर फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म में कुछ अहम बदलाव किए जा सकते हैं, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
एकता कपूर ने कुछ महीने पहले नेटफ्लिक्स के साथ बड़ा करार किया था। अब वह ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए दो नई वेब सीरीज लेकर आने वाली हैं। इसी बीच उनकी एक सीरीज को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। Variety India के मुताबिक एकता कपूर की पीरियड ड्रामा वेब सीरीज 'कोके' में शेफाली शाह और फरदीन खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
शहनाज गिल ने इंस्टाग्राम पर अपने एक फैन के सवाल के जवाब में वैभव सूर्यवंशी को अपना पसंदीदा क्रिकेटर बताया है। बता दें कि वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 19 में धमाका कर दिया था।
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की कुछ अनदेखी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। ये तस्वीरें हाल ही में हुए एक पारिवारिक शादी समारोह की हैं, जिनमें दोनों अपने परिवार के साथ खास पलों का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों में एक फोटो ने सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान खींचा है, जिसमें दीपिका भावुक नजर आ रही हैं। हालांकि उनके चेहरे पर मुस्कान भी दिखाई दे रही है। इस तस्वीर को देखकर फैंस काफी इमोशनल हो गए हैं।
वरुण धवन की फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' को रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड (CBFC) से यू/ए सर्टिफिकेट मिल गया है। हालांकि, सर्टिफिकेट देने से पहले बोर्ड ने फिल्म में कुछ बदलाव करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में कुछ शब्दों को बदलने, अश्लील इशारे वाले सीन को हटाने और कंडोम ब्रांड के नाम को ब्लर करने के लिए कहा गया। इसके अलावा फ्लेवर से जुड़े कुछ शब्दों को म्यूट करने का निर्देश भी दिया गया। वहीं, इंग्लैंड क्रिकेटर जोस बटलर और बेन स्टोक्स से जुड़ा एक शॉट भी छोटा किया गया। बदलावों के बाद फिल्म को मंजूरी मिल गई।
आईपीएल 2026 में आरसीबी को चैंपियन बनाने के बाद भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इस ऐतिहासिक जीत के बीच मंगलवार को विराट अपनी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे। यहां दोनों ने संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान विराट और अनुष्का की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
आरजे बालाजी के निर्देशन में बनी सूर्या और त्रिशा कृष्णन स्टारर फिल्म 'करुप्पु' 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को ठीक-ठाक से मिले-जुले रिव्यू मिले, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसने शानदार प्रदर्शन किया। फिल्म ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। हाल ही में आरजे बालाजी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर विजय के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि 'करुप्पु' की शुरुआत करने वाले शख्स से मिलकर उन्हें बेहद खास महसूस हुआ। बालाजी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद भी विजय का प्यार, अपनापन, विनम्रता और शांत स्वभाव बिल्कुल नहीं बदला है। उन्होंने विजय का हर चीज के लिए धन्यवाद भी किया।