बिहार के सहरसा जिले की रहने वाली ईशानवी सिंह ने डिजाइनिंग के क्षेत्र की बेहद कठिन मानी जाने वाली परीक्षा 'अंडरग्रेजुएट कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन फॉर डिजाइन' (UCEED) में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के साथ ऑल इंडिया रैंक-10 हासिल की है। इस शानदार रैंक के साथ उन्हें देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी मुंबई (IIT Bombay) से डिजाइनिंग में करियर बनाने को तैयार UCEED AIR 10 ईशान्वी सिंह) में बैचलर ऑफ डिजाइन (B.Des) कोर्स के लिए दाखिला मिला है।
ईशानवी के जीवन में डिजाइनिंग की नींव बचपन में ही पड़ गई थी। उन्हें बचपन से ही पेंटिंग, स्केचिंग और नई-नई कलाकृतियां बनाने का शौक था। जब बाकी बच्चे खेल-कूद में व्यस्त होते थे, तब ईशानवी रंगों और कागजों के साथ अपनी क्रिएटिविटी को निखारने में लगी थी। उनकी इसी हॉबी ने आगे चलकर डिजाइनिंग में करियर बनाने का रास्ता तय किया।
एक छोटे शहर से निकलकर देश के सबसे बड़े तकनीकी और डिजाइनिंग हब (IIT) तक पहुंचना ईशानवी के लिए आसान नहीं था। उन्होंने इंटरनेट, ऑनलाइन स्टडी मटेरियल और अपनी कड़ी मेहनत के भरोसे जमकर तैयारी की और उनकी इसी लगन ने शहर और बड़े कोचिंग संस्थानों के अंतर को पूरी तरह मिटा दिया। सेल्फ स्टडी के भरोसे उन्होंने सबसे कठिन परीक्षा पास कर अपने सपने को पूरा करने कि दिशा में कदम आगे बढ़ाया।
ईशानवी की इस सफलता के पीछे उनके मेहनत के साथ माता-पिता का बहुत बड़ा हाथ रहा है। उनके परिवार ने कभी भी उन पर अपने अनुसार करियर चुनने का दबाव नहीं बनाया। जब ईशानवी ने डिजाइनिंग के क्षेत्र में जाने की इच्छा जताई, तो माता-पिता ने उनकी कलात्मक प्रतिभा पर पूरा भरोसा किया और हर कदम पर हौसला बढ़ाया।
ईशानवी की ऑल इंडिया रैंक-10 सिर्फ उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार और छोटे शहरों के उन तमाम छात्र-छात्राओं के लिए एक मिसाल है जो बड़े सपने देखते हैं। उन्होंने यह साबित दिखाया है कि अगर आपके पास हुनर है, हौसले बुलंद है और आप सही दिशा में मेहनत करने के लिए तैयार हैं तो आपको कोई बाधा नहीं रोक सकती है।
आईआईटी मुंबई में दाखिला लेने के बाद अब ईशानवी डिजाइनिंग की बारीकियों को समझने और देश-दुनिया के बेहतरीन प्रोफेशनल्स से सीखने के लिए उत्साहित हैं। वे भविष्य में देश की संस्कृति और आधुनिक तकनीक को मिलाकर कुछ ऐसा अनोखा डिजाइनिंग वर्क करना चाहती हैं, जिससे समाज को एक नई दिशा मिल सके।
कई लोगों के लिए यह नाम नया हो सकता है। UCEED राष्ट्रीय स्तर की एक प्रवेश परीक्षा है, जिसका आयोजन आईआईटी बॉम्बे द्वारा किया जाता है। इसके जरिए देश के शीर्ष आईआईटी संस्थानों में डिजाइनिंग से जुड़े ग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन मिलता है। इस परीक्षा में छात्र की विजुअलाइजेशन स्किल्स, लॉजिकल रीजनिंग और डिजाइनिंग की समझ को परखा जाता है और इसी परीक्षा में बिहार की ईशानवी ने 10वीं रैंक प्राप्त की है।