भीषण गर्मी के माहौल में आज बुधवार को उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब समेत कई राज्यों में आग की अलग-अलग घटनाओं ने अफरातफरी मचा दी। कहीं सोसाइटी में फ्लैट आग की चपेट में आए तो कहीं मॉल, वेयरहाउस और चलती बस में आग लगने से लोग दहशत में आ गए। हालांकि अधिकतर जगहों पर समय रहते राहत एवं बचाव कार्य कर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में अचानक भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कुछ फ्लैटों में अचानक आग भड़क उठी, जो तेजी से फैल गई और आसपास के निवासियों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
गाजियाबाद के जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार मंदार ने बताया कि कुल 8 फ्लैट आग की चपेट में आए थे। उनके अनुसार आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और मौके पर 17 फायर टेंडर तैनात किए गए थे। उन्होंने बताया कि यहां मेडिकल और राहत शिविर भी स्थापित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने आगे कहा कि फ्लैट मालिकों और RWA से बातचीत की गई है। SDRF और अग्निशमन विभाग द्वारा सर्च ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। साथ ही फायर विभाग से विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है।
राजस्थान के कोटा के सिटी मॉल में आग लगने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मॉल के पीछे स्थित एक शोरूम में अचानक आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं। आग लगते ही मॉल के अंदर अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग घबराकर बाहर निकलने लगे। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भारी भीड़ भी जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। वहीं, आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
यूपी के गाजियाबाद और राजस्थान के कोटा के बाद पंजाब के बनूड़ इलाके में एक वेयरहाउस में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। दमकल विभाग की टीमों ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक चलती प्राइवेट बस में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यह घटना नेशनल हाईवे-31 पर अचलगंज थाना क्षेत्र के पच्चोड़ा सराय गांव के सामने उन्नाव-लालगंज मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि बस दही औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों को लेकर जा रही थी, तभी अचानक उसमें आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग इतनी तेज हो गई कि ड्राइवर केबिन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। बस में आग लगने की जानकारी मिलते ही उसमें सवार 65 से अधिक श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। सभी ने घबराकर बस के शीशे तोड़ दिए और किसी तरह कूदकर बाहर निकलते हुए अपनी जान बचाई। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।