पूर्वोत्तर भारत में अगले 60 घंटों के दौरान मौसम काफी उग्र रह सकता है। कई राज्यों में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय सहित कई इलाकों में तेज हवाएं चलेंगी। इसके साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है। कुछ स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अगले दो दिनों तक मौसम खराब बना रहेगा। ऊंचे इलाकों में बारिश, बर्फबारी और आंधी की संभावना बनी हुई है। कुछ जगहों पर ओले गिर सकते हैं और बिजली चमकने की चेतावनी भी है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। सोमवार 13 अप्रैल के बाद मौसम शुष्क हो सकता है, लेकिन फिलहाल ठंड का असर कई इलाकों में बना हुआ है।
उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से अगले आज भी मौसम सुहावना बना रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है। पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी जैसे क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा भी है, जबकि ठंडी हवाएं मौसम को और ठंडा बनाए रखेंगी।
उत्तर प्रदेश में अभी तो मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन अब ऐसे दिन ज्यादा समय तक नहीं रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा, जिससे धीरे-धीरे अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, बीते दिनों की बारिश और बादलों की वजह से आज भी प्रचंड गर्मी का अंदेशा नहीं है, लेकिन आज बारिश के आसार भी नहीं हैं।
बिहार में हाल की मौसमी गतिविधियों के कारण मौसम अभी सुहावना है, लेकिन साफ आसमान के चलते अधिकतम तापमान में अगले कुछ दिनों में 6-8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। हालांकि, कुछ जिलों में हल्के बादल दिख सकते हैं, लेकिन ज्यादातर समय धूप रहेगी, जिससे इससे गर्मी का असर बढ़ेगा। फिलहाल लू से राहत है, लेकिन ऐसा मौसम ज्यादा दिन नहीं रहेगा।
दिल्ली-NCR के आसमान से अब बादल छंट चुके हैं और हवाओं की रफ्तार भी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में अब धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जो अगले हफ्ते 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। शुष्क मौसम के कारण धूल भरी हवाएं चलेंगी, लेकिन प्रदूषण में कमी आई है। फिलहाल एक्यूआई मध्यम श्रेणी में बना हुआ है।
दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। केरल, तमिलनाडु और अंडमान में सप्ताहांत के दौरान बारिश व आंधी की संभावना है। इसके चलते तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। हालांकि, धीरे-धीरे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी, जिससे आने वाले दिनों में लू का असर भी देखने को मिल सकता है।