घर में नया फर्नीचर खरीदना या बनवाना दोनों ही कोई आसान काम नहीं है। अक्सर लोग रंग, डिजाइन और कीमत देखकर फैसला कर लेते हैं, लेकिन सबसे जरूरी बात होती है उसका मटेरियल। आजकल बाजार में लकड़ी, बांस और मेटल आदि से बने फर्नीचर खूब पसंद किए जा रहे हैं। तीनों की अपनी अलग खूबी है और हर घर की जरूरत भी अलग होती है। अगर आप भी नया सोफा, डाइनिंग टेबल, बेड या चेयर खरीदने तो बनवाने का सोच रहे हैं, तो पहले जान लीजिए कि आपके लिए कौन-सा मटेरियल ज्यादा सही रहेगा।
लकड़ी का फर्नीचर: हमेशा क्लासिक
लकड़ी का फर्नीचर सालों से लोगों की पहली पसंद रहा है। यह घर को एस्थेटिक और क्लासिक लुक देता है। अगर अच्छी क्वालिटी की लकड़ी हो और उसकी सही देखभाल की जाए, तो यह कई सालों तक चल सकती है। हालांकि, लकड़ी का फर्नीचर थोड़ा महंगा होता है और नमी वाले मौसम में इसकी देखभाल भी जरूरी होती है।
बांस का फर्नीचर: हल्का और इको-फ्रेंडली
अगर आप घर को नेचुरल और मॉडर्न लुक देना चाहते हैं, तो बांस का फर्नीचर अच्छा विकल्प हो सकता है। यह हल्का होता है, आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है। बालकनी, गार्डन या छोटे अपार्टमेंट में यह काफी अच्छा लगता है। हालांकि, बहुत ज्यादा वजन या पानी के संपर्क से इसे बचाकर रखना चाहिए।
मेटल का फर्नीचर: मजबूत और कम देखभाल वाला
मेटल का फर्नीचर मजबूत और टिकाऊ माना जाता है। इसे बार-बार पॉलिश करने की जरूरत नहीं पड़ती और साफ करना भी आसान होता है। मॉडर्न और मिनिमल इंटीरियर वाले घरों में मेटल फर्नीचर खूब पसंद किया जाता है। हालांकि, धूप या नमी में लंबे समय तक रहने पर कुछ मेटल पर जंग लगने का खतरा भी हो सकता है।
