Miss World 2026: दुनिया को नई विश्व सुंदरी मिल गई है। डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल डोमिंग्वेज (Joheirry Mola Dominguez) ने न्हा ट्रांग, वियतनाम में आयोजित मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया है। ग्रैंड फिनाले में उन्होंने दुनिया भर से आईं खूबसूरत और प्रतिभाशाली प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। 24 साल की जोहेरी मोल सिर्फ खूबसूरती के दम पर यहां तक नहीं पहुंचीं बल्कि शिक्षा, समाज और मीडिया से भी उनका मजबूत जुड़ाव रहा है। जोहेरी ने यूनिवर्सिडाड इबेरोअमेरिकाना (UNIBE) से बिजनेस मैनेजमेंट एंड एडमिनिस्ट्रेशन में डिग्री हासिल की है।
डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल डोमिन्गेज (फोटो: X)
मिस वर्ल्ड की ऑफिशियल वेबसाइट के अनुसार वह लिटरेचर और सोशल स्टडीज की टीचर, न्यूज कॉरेस्पॉन्डेंट, प्रोफेशनल मॉडल और Voices of Tomorrow की संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं। मालूम हो कि 'वॉयसेज ऑफ टुमॉरो' के जरिए कमजोर समुदायों के बच्चों और युवाओं के लिए अंग्रेजी शिक्षा को बढ़ावा दिया जाता है।
टीचर से मिस वर्ल्ड बनने तक का सफर
जोहेरी की कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा ये है कि वो सिर्फ मॉडलिंग की दुनिया से जुड़ी हुई नहीं हैं। उन्होंने शिक्षक के रूप में भी काफी काम किया है जो अपने आप में बड़ी बात है। उनके व्यक्तित्व में ग्लैमर के साथ-साथ शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का पहलू भी काफी नजर आता है जिसने उनकी जीत में अहम योगदान भी दिया। मिस वर्ल्ड संगठन की ओर से पहले भी उनके बारे में बताया गया था कि वह क्लासरूम से मिस वर्ल्ड डोमिनिकन रिपब्लिक तक का सफर तय कर चुकी हैं और -Beauty With a Purpose की भावना को महत्व देती हैं।
डोमिनिकन रिपब्लिक के लिए बड़ी उपलब्धि
जोहेरी मोल डोमिन्गेज का ये खिताब जीतना उनके देश डोमिनिकन रिपब्लिक के लिए भी बेहद खास है। इस जीत के साथ देश डोमिनिकन रिपब्लिक ने मिस वर्ल्ड का ताज दूसरी बार अपने नाम किया है। इससे पहले डोमिनिकन रिपब्लिक की तरफ से मिली बेल्ट्रे ने 1982 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था। इसलिए ये जीत सिर्फ जोहेरी मोल के लिए ही नहीं, बल्कि उनके पूरे देश के लिए जश्न का मौका है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Miss World 2026 का ताज नहीं जीत पाईं Nikita Porwal, लेकिन भारत को दिए यादगार पल
समाज के लिए काम करने का जज्बा
जोहेरी मोल की कहानी हमें बताती है कि मिस वर्ल्ड बनने के लिए सिर्फ खूबसूरत होना ही काफी नहीं है। समाज के लिए कुछ करने की सोच भी बहुत मायने रखती है। जोहेरी ने टीचर, मॉडल और न्यूज कॉरेस्पॉन्डेंट के तौर पर काम किया है। इसके साथ ही वह सामाजिक पहल से भी जुड़ी रही हैं। यही वजह है कि उनका सफर सिर्फ ताज तक पहुंचने की कहानी नहीं, बल्कि अपनी अलग पहचान बनाने की कहानी भी है।
