Miss World 2026 Winner: मिस वर्ल्ड 2026 के ग्रैंड फिनाले में डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल डोमिंग्वेज (Joheirry Mola Dominguez) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। न्हा ट्रांग, वियतनाम में आयोजित इस भव्य फिनाले में दुनियाभर की सुंदरियों ने हिस्सा लिया था। जोहेरी मोल को पिछली मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता चुआंग्सरी ने अपने हाथों से मिस वर्ल्ड 2026 का ताज पहनाया। ताज पहनाए जाने के बाद जोहेरी बेहद भावुक नजर आईं और उनके चेहरे पर जीत की खुशी साफ दिखाई दी। प्रतियोगिता की शुरुआत से ही जोहेरी मोल ने अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास और प्रभावशाली व्यक्तित्व से लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने अलग-अलग चरणों में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक अपनी जगह बनाई और आखिरकार सबसे बड़ा ताज अपने नाम करने में कामयाबी पाई।
स्पेन और मलेशिया की सुंदरियों ने भी हासिल किया बड़ा मुकाम
स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस अलाबर्न प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप रहीं। उन्होंने भी पूरे मुकाबले के दौरान शानदार प्रदर्शन किया और आखिरी चरण तक कड़ी चुनौती पेश की। इसके अलावा मलेशिया की तानुसिया चेट्टी ने सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया। इस तरह मिस वर्ल्ड 2026 के शीर्ष तीन स्थानों पर डोमिनिकन रिपब्लिक, स्पेन और मलेशिया की सुंदरियों ने अपनी जगह बनाई। जोहेरी की इस जीत के साथ डोमिनिकन रिपब्लिक के नाम मिस वर्ल्ड 2026 का प्रतिष्ठित खिताब दर्ज हो गया है।
कौन हैं जोहेरी मोल डोमिंग्वेज
जोहेरी शिक्षिका, न्यूज कॉरेस्पॉन्डेंट और सोशल इम्पैक्ट से जुड़ीं मॉडल हैं। मिस वर्ल्ड की प्रोफाइल के मुताबिक उन्होंने Voices of Tomorrow की स्थापना की है, जिसके जरिए कमजोर समुदायों के बच्चों और युवाओं के लिए अंग्रेजी शिक्षा को बढ़ावा दिया जाता है।
टॉप 40 में जगह बनाई थीं भारत की निकिता पोरवाल
भारत की निकिता पोरवाल टॉप 40 तक पहुंचीं, लेकिन टॉप 20 में जगह नहीं बना सकीं। यानी इस प्रतियोगिता में भारत का सफर टॉप 40 में समाप्त हुआ था। उज्जैन में जन्मीं निकिता मॉडलिंग के साथ-साथ एक्टिंग और थिएटर से भी जुड़ी रही हैं। उन्होंने कई थिएटर प्रोडक्शंस में काम किया है और बताया जाता है कि 60 से ज्यादा नाटकों का हिस्सा रह चुकी हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Miss World 2026 का ताज नहीं जीत पाईं Nikita Porwal, लेकिन भारत को दिए यादगार पल
निकिता पोरवाल का सफर कई मायनों में बेहद खास रहा। दुनिया के अलग-अलग देशों से आई खूबसूरत और प्रतिभाशाली प्रतियोगियों के बीच निकिता ने अपनी अलग पहचान बनाई क्योंकि उन्होंने सिर्फ अपनी खूबसूरती और स्टाइल से ही नहीं, बल्कि अपनी कला, भारतीय संस्कृति और समाज के लिए किए जा रहे कामों के जरिए भी लोगों का ध्यान खींचा था।
