Weight Check Karne Ka Sahi Time: अक्सर ऐसा होता है कि हम पूरे दिन डाइट का ध्यान रखते हैं, मीठा कम करते हैं, जिम भी जाते हैं, लेकिन जब वजन चेक करते हैं तो मशीन पर नंबर बढ़ा हुआ दिखता है। इससे मन थोड़ा उदास हो जाता है और लगता है कि इतनी मेहनत के बाद भी फर्क क्यों नहीं दिख रहा। क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और हेल्थ इन्फ्लुएंसर डॉ. शिखा सिंह बताती हैं कि कई बार हमारी मेहनत बेकार नहीं जाती, बल्कि हम गलत समय पर वजन चेक कर लेते हैं। दिन के कुछ समय पर शरीर में पानी रुकने, हार्मोन बदलने और खाने-पीने की वजह से वजन थोड़ी देर के लिए बढ़ा हुआ दिख सकता है। इसलिए सही समय पर वेट चेक करना बहुत जरूरी है। आइए जानते हैं वजन कब चेक नहीं करना चाहिए और वजन चेक करने का सही समय क्या है।
वजन कब चेक नहीं करना चाहिए - Worst Time To Check Weight In Hindi
शाम को वजन चेक करेंगे तो ज्यादा दिखेगा
डॉ. शिखा सिंह के अनुसार दिनभर हम कुछ न कुछ खाते-पीते रहते हैं। सुबह के मुकाबले शाम तक शरीर में फूड और पानी की मात्रा ज्यादा होती है। यही कारण है कि शाम को वजन बढ़ा हुआ दिख सकता है। इसका मतलब यह नहीं है कि आपका फैट बढ़ गया है, बल्कि यह दिनभर के खाने-पीने का असर होता है।
हैवी वर्कआउट के तुरंत बाद वजन न मापें
अगर आपने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग या इंटेंस वर्कआउट किया है, तो उसके तुरंत बाद वजन चेक करना सही नहीं माना जाता। एक्सरसाइज के बाद मसल्स में हल्की सूजन आ सकती है और बॉडी थोड़ी देर के लिए पानी ज्यादा रोकती है। इसके कारण मशीन पर वजन बढ़ा हुआ दिख सकता है, जबकि असल में यह अस्थायी बदलाव होता है।
ज्यादा खाना खाने के बाद वजन बढ़ा दिखना सामान्य है
अगर आपने रात में ज्यादा या हैवी खाना खाया है, खासकर मीठा या ज्यादा कार्बोहाइड्रेट, तो शरीर में वाटर रिटेंशन बढ़ सकता है। ऐसे में अगली बार जब आप वजन चेक करेंगे तो नंबर ज्यादा दिख सकता है। इसका मतलब यह नहीं कि अचानक फैट बढ़ गया है, बल्कि यह बॉडी का नेचुरल रिएक्शन है।
पीरियड्स के दौरान वजन बढ़ना आम बात है
महिलाओं में पीरियड्स के समय हार्मोन में बदलाव होते हैं। इस दौरान शरीर में सूजन और पानी रुकने की समस्या बढ़ जाती है। यही वजह है कि इन दिनों वजन थोड़ा ज्यादा दिख सकता है। पीरियड्स खत्म होने के बाद वजन फिर से सामान्य हो जाता है।
स्ट्रेस और नींद की कमी भी दिखा सकती है ज्यादा वजन
डॉ. शिखा सिंह के मुताबिक ज्यादा तनाव लेना या रात में ठीक से नींद न लेना भी वजन को प्रभावित कर सकता है। जब शरीर में स्ट्रेस हार्मोन कॉर्टिसोल बढ़ता है, तो बॉडी पानी ज्यादा रोक सकती है। इससे भी वजन मशीन पर बढ़ा हुआ दिख सकता है।
वजन चेक करने का सबसे सही समय - Which Time Is Best To Check Weight In Hindi
डॉ. शिखा की मानें तो अगर आप अपना सही वजन जानना चाहते हैं, तो सुबह का समय इसके लिए सबसे बेहतर माना जाता है। रात में 7-8 घंटे की अच्छी नींद लेने के बाद, सुबह उठकर वॉशरूम जाने के बाद खाली पेट वजन चेक करें। इस समय शरीर सबसे हल्का होता है और आपको ज्यादा सही रीडिंग मिलती है। इससे आपको अपनी फिटनेस जर्नी में सही मोटिवेशन भी मिलता रहेगा।
