Fridge Mei Kaun Si Sabji Nahi Rakhen : आजकल ज्यादातर लोग सब्जियों को लंबे समय तक फ्रेश रखने के लिए फ्रिज का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन हर सब्जी के लिए फ्रिज सही नहीं होता है। कुछ सब्जियां ऐसी होती हैं, जिन्हें फ्रिज में रखने से उनका स्वाद ही नहीं बिगड़ता, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी खराब हो जाती है और कुछ मामलों में ये सेहत के लिए नुकसानदायक तक बन सकती हैं। इनको खान जहर के समान होता है। ये स्लो पॉइजन आपकी सेहत को बिगाड़ सकता है। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी है कि किन सब्जियों को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए और क्यों?
आलू के लिए नहीं बनी है फ्रिज
आलू को फ्रिज में रखने से उसमें मौजूद स्टार्च शुगर में बदलने लगता है। इससे आलू का स्वाद मीठा और बनावट दानेदार हो जाती है। इतना ही नहीं, जब ऐसे आलू को ज्यादा तापमान पर पकाया जाता है, तो उसमें एक्रिलामाइड नाम का हानिकारक तत्व बनने का खतरा बढ़ जाता है, जिसका सेवन लंबे समय में सेहत के लिए सही नहीं माना जाता है।
प्याज को रखें फ्रिज से दूर
फ्रिज की नमी प्याज के लिए नुकसानदायक होती है। इससे प्याज नरम होकर जल्दी सड़ने लगते हैं और उनमें फंगस भी लग सकती है। बेहतर है कि प्याज को सूखी और हवादार जगह पर रखा जाए।
लहसुन हो जाता है खराब
लहसुन को फ्रिज में रखने से यह जल्दी अंकुरित होने लगता है और इसकी बनावट रबड़ जैसी हो जाती है। इससे इसका स्वाद भी कम हो जाता है। लहसुन को हमेशा कमरे के तापमान पर सूखी जगह में रखना चाहिए।
फ्रिज में न रखें टमाटर
टमाटर को फ्रिज में रखने से उसका नेचुरल स्वाद खत्म हो जाता है। ठंड के कारण इसकी बनावट भी बदल जाती है और यह अंदर से पिचकने लगता है। इससे टमाटर का टेस्ट फीका और कभी-कभी ज्यादा खट्टा भी हो जाता है। ऐसे में टमाटर को कमरे के तापमान पर सूखी और अंधेरी जगह पर रखें।
सड़ने लगता है खीरा
खीरे को फ्रिज में रखने से वह ठंड के कारण जल्दी खराब होने लगता है। इसकी सतह पर पानी जमने लगता है, जिससे सड़न की प्रक्रिया तेज हो जाती है।
अदरक में लग सकती है फंगस
अदरक को फ्रिज में रखने से उसमें नमी बढ़ जाती है, जिससे फंगस लगने का खतरा रहता है। इसके साथ ही यह जल्दी सूख भी सकता है या अंदर से खराब हो सकता है।
शकरकंद (Sweet Potato) भी फ्रिज के लिए सही नहीं
शकरकंद को फ्रिज में रखने से उसका स्वाद और टेक्सचर खराब हो जाता है। ठंड में इसके अंदर की संरचना बदल जाती है और पकाने पर इसका सही स्वाद नहीं मिलता है।
कटी हुई पत्तेदार सब्जियों को रखें दूर
कटी हुई पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक आदि को लंबे समय तक फ्रिज में रखने से उनमें मौजूद नाइट्रेट नाइट्राइट में बदल सकता है, जो ज्यादा मात्रा में शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इस कारण इन्हें ताजा ही इस्तेमाल करना बेहतर रहता है।
क्या है सब्जियां रखने का सही तरीका?
इन सभी सब्जियों को फ्रिज में रखने की बजाय ठंडी, सूखी और हवादार जगह पर रखना ज्यादा सही होता है। आलू और प्याज को अलग-अलग रखें, ताकि वे जल्दी खराब न हों। टमाटर और खीरे को भी कमरे के तापमान पर रखना बेहतर रहता है। हर सब्जी को फ्रिज में रखना जरूरी नहीं होता है। गलत स्टोरेज न सिर्फ स्वाद बिगाड़ता है, बल्कि धीरे-धीरे सेहत पर भी असर डाल सकता है।
