Tulsi par safed phool aane ka matlab: घर के आंगन में लगी तुलसी को रोज पानी देना, सुबह उसके दर्शन करना और पूजा के लिए पत्तियां तोड़ना कई घरों की दिनचर्या का हिस्सा है। लेकिन कभी आपने गौर किया है कि इसी तुलसी पर कुछ समय बाद सफेद फूलों के छोटे-छोटे गुच्छे दिखाई देने लगते हैं? इन्हें देखकर कई लोगों को लगता है कि अब पौधा बूढ़ा हो रहा है या जल्द सूख जाएगा। कुछ लोग तो फूल देखते ही उन्हें तोड़ने लगते हैं।
तुलसी पर दिखें सफेद फूल तो क्या करें, क्या इससे कम होती है पौधे की उम्र
लेकिन क्या सच में तुलसी पर फूल आना पौधे की उम्र कम होने का संकेत है? क्या फूल आने के बाद उसकी पत्तियां कम हो जाती हैं? और अगर आप चाहते हैं कि तुलसी का पौधा लंबे समय तक घना और हरा-भरा रहे, तो उसकी देखभाल कैसे करनी चाहिए? इन सवालों के जवाब समझना जरूरी है।
तुलसी में सफेद फूल आने का क्या मतलब है
तुलसी में सफेद या हल्के बैंगनी रंग के फूल आना एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है। इसका मतलब है कि पौधा अपने प्रजनन चक्र में प्रवेश कर रहा है। फूल आने के बाद उनमें बीज बनने लगते हैं। तुलसी के पौधे की टहनियों के ऊपरी हिस्से में फूलों के जो गुच्छे निकलते हैं, उन्हें मंजरी कहा जाता है।
यह जरूरी नहीं कि फूल आते ही तुलसी का पौधा कमजोर होने लगे। पौधा स्वस्थ हो तो फूल आने के बाद भी उसकी पत्तियां बनी रहती हैं। हालांकि, इस दौरान उसकी ऊर्जा का एक हिस्सा फूल और बीज बनाने में लगने लगता है। इससे नई पत्तियों और शाखाओं की बढ़त कुछ धीमी हो सकती है।
क्या तुलसी पर फूल आने से पौधे की उम्र कम हो जाती है
यह एक आम धारणा है कि तुलसी में फूल आना उसके जीवन के अंतिम समय का संकेत है। लेकिन ऐसा मानने का कोई ठोस वैज्ञानिक आधार नहीं है। फूल आना पौधे के जीवन चक्र का हिस्सा है, न कि उसके तुरंत सूखने या मरने का संकेत।
हां, फूल आने के बाद पौधे की बढ़त में बदलाव जरूर दिख सकता है। अगर पौधे की सही देखभाल न हो, मिट्टी में पानी जमा रहे या उसे पर्याप्त धूप न मिले तो वह कमजोर पड़ सकता है। इसलिए फूलों को ही पौधे की उम्र घटने की वजह मानना सही नहीं है।
क्या तुलसी की मंजरी तोड़ देनी चाहिए
अगर आप तुलसी को घना और हरा-भरा रखना चाहते हैं, तो फूलों की मंजरी को समय-समय पर हटाना फायदेमंद हो सकता है। गार्डनिंग की भाषा में इसे पिंचिंग कहते हैं। इसमें पौधे की ऊपरी बढ़त या फूलों के गुच्छे को सावधानी से हटाया जाता है। इससे नई शाखाएं निकलने और पौधे को फैलने में मदद मिलती है।
भारतीय औषधीय पौधों की खेती से जुड़े विशेषज्ञ बीएम कंडपाल ने नेशनल मिशन ऑन हिमालयन स्टडीज के लिए तैयार अपनी गाइड में तुलसी की अच्छी बढ़त के लिए पिंचिंग की सलाह दी है। इस गाइड में बताया गया है कि जब तुलसी में 4-6 जोड़ी पत्तियां आ जाएं या फूल दिखाई देने लगें, तब पौधे के ऊपरी हिस्से को पिंच कर देना चाहिए। इससे पौधा ऊपर की ओर बढ़ने के बजाय आसपास की शाखाओं में फैलता है और ज्यादा घना बन सकता है।
तुलसी की मंजरी काटने का सही तरीका क्या है
मंजरी हटाते समय जल्दबाजी न करें। इसके लिए साफ कैंची या अपनी उंगलियों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- जिस टहनी पर फूलों का गुच्छा निकला है, उसे पहचानें।
- फूलों की मंजरी को उसके ठीक नीचे से सावधानीपूर्वक हटाएं।
- कोशिश करें कि कट पत्तियों की जोड़ी के ठीक ऊपर लगे।
- टहनी को जोर से खींचकर न तोड़ें।
- एक बार में पौधे की सभी टहनियां न काटें।
बीएम कंडपाल की गाइड में भी साफ पिंच लगाने और टहनी को जोर से खींचने से बचने की सलाह दी गई है।
क्या तुलसी के कुछ फूल पौधे पर छोड़ देने चाहिए
जी हां। अगर आप तुलसी के बीज इकट्ठा करना चाहते हैं या नए पौधे तैयार करना चाहते हैं, तो कुछ मंजरी पौधे पर रहने दें। फूलों के बाद इनमें बीज बनते हैं। इन्हें सूखने पर इकट्ठा करके दोबारा पौधे लगाए जा सकते हैं। इसके अलावा फूल मधुमक्खियों और दूसरे परागण करने वाले कीटों को भी आकर्षित करते हैं। इसलिए हर फूल को काटना जरूरी नहीं है। आप अपनी जरूरत के अनुसार कुछ फूल रहने दे सकते हैं और बाकी हटा सकते हैं।
तुलसी को घना और हरा-भरा रखने के लिए अपनाएं ये तरीके
तुलसी की अच्छी ग्रोथ के लिए केवल फूल काटना काफी नहीं है। उसे सही माहौल और देखभाल भी चाहिए।
- धूप का ध्यान रखें: तुलसी के गमले को ऐसी जगह रखें जहां रोजाना कम से कम 4-6 घंटे धूप आती हो।
- पानी सीमित मात्रा में दें: मिट्टी की ऊपरी सतह सूखने पर ही पानी डालें। रोजाना बिना जरूरत पानी देने से जड़ें खराब हो सकती हैं।
- मिट्टी में पानी न रुकने दें: गमले में नीचे की तरफ छेद जरूर होने चाहिए ताकि अतिरिक्त पानी बाहर निकल सके।
- खाद डालें: समय-समय पर थोड़ी वर्मी कंपोस्ट या अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद डालें।
- सूखी पत्तियां हटाएं: पीली और मुरझाई पत्तियों को हटाते रहें। इससे पौधे की देखभाल आसान होती है।
इसी के साथ ध्यान रखें कि तुलसी पर सफेद फूल आना न तो अशुभ संकेत है और न ही पौधे की उम्र पूरी होने का इशारा। यह उसकी प्राकृतिक प्रक्रिया है। अगर आपको पूजा के साथ-साथ घर में घनी और हरी-भरी तुलसी भी चाहिए, तो कुछ फूल रहने दें और बाकी मंजरी समय-समय पर हटा सकते हैं। पौधे को प्यार और थोड़ी नियमित देखभाल मिले तो वह लंबे समय तक आपके आंगन की शोभा बना रह सकता है।
