मानसून का मौसम आ चुका है और बारिश की वजह से कीड़े मकौड़ों का आतंक भी बढ़ गया है। इस मौसम में लाइट्स के बाहर भी कीड़े भटकते हैं। इसके साथ ही इस मौसम में खाने पीने की चीजें भी बहुत बर्बाद होती है। चावल दाल जैसे अनाजों में भी कीड़े लग जाते हैं जिनसे छुटकारा पाना काफी मुश्किल हो जाता है। बारिश के मौसम में आपने अक्सर ये महसूस किया होगा कि जब आप चावल दाल का डब्बा खोलते हैं तो उसमें आपको कीड़े रेंगते दिखते होंगे जिसकी वजह से आपका खाना बनाने का भी मन नहीं करता होगा और साथ ही मन खराब सा हो जाता होगा। ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसे नुस्खों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप अनाजों में कीड़े लगने से बचा सकते हैं।
मॉनसून में अनाज से कीड़े हटाने के टिप्स - Tips To Remove Insects From Grains In Monsoon
नीम का इस्तेमाल
बारिश के मौसम में अनाज और दालों में नीम की पत्तियां रखने से कीड़े नहीं लगते हैं। औषोधीय गुणों से भरपूर नीम कीड़े को पनपने से रोकता है। ऐसे में बारिश के मौसम में नीम का इस्तेमाल जरूर करें।
लाल मिर्च
अनाज को कीड़े से बचाने के लिए आप लाल मिर्च का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। बारिश के मौसम में आटे में भी कीड़े लग जाते हैं। ऐसे में इसे कीड़ों से बचाने के लिए आटे में लाल मिर्च रखें।
लौंग
बारिश में डब्बों को सही तरह के साफ करके नहीं रखने की वजह से खाने पीने की चीजों में कीड़े जल्दी लग जाते हैं। सूजी भी इन्हीं में से एक है जिसमें बहुत जल्दी कीड़े लग जाते हैं। सूजी को कीड़ों से बचाने के लिए इसमें 8 से 10 लौंग रखें। ऐसा करने से कीड़े नहीं लगेंगे।
तेजपत्ता
तेजपत्ते का इस्तेमाल कर भी अनाजों में कीड़े को लगने से बचाया जा सकता है। बारिश के मौसम में सीलन की वजह से आटे में कीड़े लग जाते हैं। ऐसे में इसे बचाने के लिए आटे में तेजपत्ता रखें।
करी पत्ता
दाल-चावल और आटे को कीड़ों से बचाने के लिए आप करी पत्ते का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। करी पत्ता को ड्राई रोस्ट करके ही डालें। ये कीड़ों को दूर भगाता है।
