लाइफस्टाइल

एक ही सब्जी से पूरे दिन के 3 अलग-अलग मील कैसे बनाएं? Smart Cooking Trend से बचेंगे समय और पैसे

हर बार अलग-अलग सब्जी बनाने की जरूरत नहीं। Smart Cooking Trend अपनाकर एक ही सब्जी से नाश्ता, दोपहर का खाना और रात का डिनर आसानी से तैयार किया जा सकता है। देखें कैसे आप ये ट्रेंड फॉलों कर सकते हैं।

Image

Smart Cooking Trend

रोज सुबह सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आज क्या बनाया जाए। नाश्ता अलग, लंच अलग और रात के खाने के लिए फिर से रसोई में घंटों मेहनत करनी पड़ती है। नौकरी करने वाले लोगों, बच्चों की मम्मियों और छोटे परिवारों के लिए यह रोज की चुनौती बन जाती है। ऐसे में अब कई घरों में Smart Cooking Trend तेजी से पसंद किया जा रहा है।

टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - बच्चों का मॉर्निंग रूटीन कैसा होना चाहिए

इस ट्रेंड का मतलब है कि एक ही सब्जी को अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल करके पूरे दिन के तीन अलग मील तैयार किए जाएं। इससे खाना बार-बार बनाने की परेशानी कम होती है, गैस और समय दोनों की बचत होती है और सबसे बड़ी बात, खाने की बर्बादी भी नहीं होती। आपको रोज नई सब्जी खरीदने या हर बार लंबी तैयारी करने की जरूरत नहीं पड़ती। बस थोड़ी-सी प्लानिंग से एक साधारण सब्जी भी तीन अलग स्वाद में बदल सकती है। देखें कैसे आप ये स्मार्ट कुकिंग कर सकते हैं।

सुबह: पराठा या सैंडविच बनाएं

मान लीजिए आपने सुबह आलू, पत्तागोभी या मिक्स वेज की सूखी सब्जी बनाई। इसका एक हिस्सा अलग निकाल लें। इसी सब्जी को पराठे की स्टफिंग बनाकर या ब्रेड के बीच भरकर सैंडविच तैयार किया जा सकता है। इससे नाश्ता जल्दी भी बन जाएगा और स्वाद भी अलग लगेगा।

दोपहर: रोटी या चावल के साथ

दोपहर के खाने में उसी सब्जी को ताजी रोटी, दाल या चावल के साथ परोसें। चाहें तो थोड़ा दही, सलाद या रायता भी जोड़ दें। बिना ज्यादा मेहनत के पूरा और संतुलित भोजन तैयार हो जाएगा।

रात: नया ट्विस्ट देकर बनाएं डिनर

अगर शाम तक थोड़ी सब्जी बच जाए, तो उसे नई डिश का रूप दें। उसमें थोड़ा टमाटर, प्याज और मसाले मिलाकर ग्रेवी तैयार करें। चाहें तो उससे वेज रैप, चीला रोल या हल्का पुलाव भी बना सकते हैं। इससे रात का खाना बिल्कुल नया लगेगा और किसी को यह महसूस नहीं होगा कि वही सब्जी दोबारा परोसी गई है।

Smart Cooking Trend की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इससे समय, गैस और मेहनत की बचत होती है। रोज नए मेन्यू की चिंता भी कम होती है और फ्रिज में बचा खाना फेंकने की नौबत नहीं आती। कम लोगों और बिजी रूटीन वालों के लिए यह तरीका बढ़िया हो सकता है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोला author

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक... और देखें

End of Article