ब्लैक फ्राइडे सेल के चक्कर में हो ना जाए खेल, शॉपिंग से पहले गांठ बांध लें ये 5 बात

सेल में बचत तभी होती है जब आप जरूरत की चीज सही कीमत पर खरीदते हैं। सिर्फ छूट के लालच में गैरजरूरी सामान खरीद लेना बचत नहीं, अतिरिक्त खर्च है।

भारत में ब्लैक फ्राइडे सेल 27 नवंबर से 30 नवंबर तक है। इस सेल का क्रेज लोगों में देखने को मिल रहा है। वैसे भी डिस्काउंट का नाम सुन कोई भी उत्साहित हो सकता है। हालांकिअब कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए सिर्फ डिस्काउंट का सहारा नहीं ले रहीं। दुकानों में भी ऐसे नए तरीके अपनाए जा रहे हैं, जिनसे ग्राहक उन चीजों को भी खरीदने के लिए तैयार हो जाते हैं, जिन्हें लेने का उन्होंने पहले कोई इरादा नहीं बनाया था। ऐसे में खरीदारी करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है:

Black Friday Sale

ब्लैक फ्राइडे सेल के चक्कर में हो ना जाए खेल, शॉपिंग से पहले गांठ बांध लें ये 5 बात (Photo: iStock)

जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें

सेल के दौरान दुकानों में एक खास रणनीति अपनाई जाती है। अलग-अलग श्रेणियों के सामान को एक-दूसरे के पास रखा जाता है। मसलन, कपड़े खरीदने पहुंचे ग्राहक को पास में बेल्ट या परफ्यूम भी दिख जाएगा। इसलिए दुकान में जाने से पहले तय कर लें कि आपको क्या खरीदना है। सिर्फ इसलिए कोई सामान न लें कि वह आपके सामने रखा है या उस पर छूट मिल रही है।

स्मार्ट मिरर और ट्रायल रूम के ऑफर

कई स्टोर में अब स्मार्ट मिरर और तकनीक से लैस ट्रायल रूम की सुविधा मिलने लगी है। ये आपको कपड़ों के दूसरे विकल्प, सही साइज और उनके साथ मैच होने वाली एक्सेसरीज भी सुझाते हैं। इससे खरीदारी आसान होती है, लेकिन कई बार आप जरूरत से ज्यादा सामान चुन लेते हैं। आप इन चक्करों में ना पड़ें और जो चीज लेने का मन बनाकर गए हैं वही लें।

ब्लाइंड बॉक्स के चक्कर में न पड़ें

ब्लाइंड बॉक्स और मिस्ट्री गिफ्ट भी ग्राहकों को आकर्षित करने का नया तरीका हैं। इनमें डिब्बे के अंदर क्या मिलेगा, यह पहले से पता नहीं होता। कुछ खास या दुर्लभ चीज मिलने की उम्मीद में लोग कई डिब्बे खरीद लेते हैं। ऐसे ऑफर में पैसा खर्च करने से पहले सोचें कि अगर मनपसंद चीज नहीं मिली तो क्या आप उस खरीदारी से खुश होंगे?

खरीदारी से पहले बजट तय करें

ब्लैक फ्राइडे सेल में सबसे जरूरी है अपने बजट का ध्यान रखना। छूट देखकर तुरंत खरीदारी करने के बजाय अलग-अलग जगह कीमत की तुलना करें। किसी भी तरह की हड़बड़ी ना करें। जो भी सामान खरीदें उसकी जरूरत, गुणवत्ता और वापसी की शर्तें भी जांच लें।

याद रखें, सेल में बचत तभी होती है जब आप जरूरत की चीज सही कीमत पर खरीदते हैं। सिर्फ छूट के लालच में गैरजरूरी सामान खरीद लेना बचत नहीं, बल्कि अतिरिक्त खर्च है।

End Article
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्...

End of Feed