एकतरफा प्यार को पहचानने का तरीका (Photo: YRF)
Ektarfa Pyar ko kaise pehchane: जिंदगी में प्यार को सबसे खूबसूरत एहसास माना जाता है। प्यार दो तरफा हो तो जीवन खिल उठता है, पर वहीं जब एकतरफा हो तो यह दिल की सबसे खामोश, सबसे दर्दभरी कहानी बन जाता है। कई बार इंसान अपने जज्बात खुद भी समझ नहीं पाता और कई बार सामने वाला जान ही नहीं पाता कि कोई उससे बिना कुछ कहे ही कितना प्यार करता है। एकतरफा प्यार के कुछ सिग्नल्स ऐसे होते हैं, जो अनकहे होते हुए भी बहुत कुछ कह जाते हैं। आइए जानते हैं उन बातों को जिनसे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि सामने वाला आपसे एकतरफा प्यार करने लगा है:
अगर कोई आपके बारे में छोटी-छोटी बातें याद रखता है। आपकी पसंद, आपकी लाइफ की बातें, आपके दुख-सुख तो समझिए कि वह आपके लिए सिर्फ एक जान-पहचान वाला नहीं है। एकतरफा प्यार में इंसान सामने वाले की हर बात दिल में सहेज कर रखता है।
वे हर दिन आपको मैसेज नहीं करते, फोन नहीं करते, लेकिन आप ऑनलाइन आए तो उनकी निगाहें टिक जाती हैं। आपसे बात करने का बहाना खोजते हैं, पर अपने दिल की बात कहने से डरते हैं। ये एकतरफा प्यार का सबसे कॉमन सिग्नल है।
आपके लिए अकसर मैं हूं ना कह देने वाला इंसान एकतरफा प्रेम में हो सकता है। चाहे देर रात हो, मुश्किल वक्त हो या बस कोई छोटी सी मदद, वो आपके पहले कॉल से पहले ही पहुंच जाना चाहता है।
यदि आप किसी और की बात करें या किसी और दोस्त के करीब हों और उन्हें हल्का सा खटक जाए, पर वह कभी कुछ कहते नहीं। तो यह चुपचाप जलन एकतरफा प्यार का सबसे गहरा संकेत है।
एकतरफा प्यार में वह इंसान आपकी खुशी को अपनी खुशी से ऊपर रख देता है। आप मुस्कुरा दें, तो उसका दिन बन जाता है। आप उदास हों, तो वह अंदर से टूट जाता है।
आपका दोस्त जो एक आपसे एकतरफा प्यार करता है वो अकसर आपके साथ समय बिताने की कोशिश करता है। आपको घर छोड़ने जाएगा, शॉपिंग कराएगा, साथ में घूमने का प्लान करेगा, बस दिल की बात नहीं कह पाएगा।
वह आपकी जिंदगी पर बारीकी से नजर रखेगा। आपको पता भी नहीं चलने देगा। लेकिन आपके घर-परिवार या फ्रेंड सर्किल में क्या हो रहा है वो सब उसे पता रहेगा। आपकी सोशल मीडिया एक्टिविटी पर भी उशकी नजर रहती है। आपके किसी भी स्टेटस पर सबसे पहला लाइक या कमेंट जब उसी का दिखने लगे तो समझिए उस तरफ प्यार के फूल खिल रहे हैं।
एकतरफा प्यार खूबसूरत भी है और दर्दभरा भी। खूबसूरत इसलिए कि इसमें सच्चाई होती है और दर्दभरा इसलिए कि इसमें उम्मीद की जगह अनिश्चितता होती है। अगर आप भी ऐसे किसी सिग्नल को महसूस कर रहे हैं तो खुद अपने दिल से पूछिए कि क्या यह रिश्ता आगे बढ़ने लायक है? अगर हां, तो बातचीत की शुरुआत कीजिए। क्योंकि कई बार सिर्फ एक कदम दो दिलों की दूरी मिटा देता है।
latest lifestyle stories