दिसंबर की ठंडी हवा जैसे ही नागालैंड की पहाड़ियों को छूती है, वहां की फिजाओं में एक अलग ही रंग घुल जाता है। दूर-दूर से ढोल की गूंज उठती है, कहीं पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधानों में सजे लोग कदमताल करते दिखते हैं, तो कहीं हवा में बांस की कोपलों और धुएं में भुने स्थानीय पकवानों की सोंधी खुशबू तैरने लगती है। आप आंख बंद करके सिर्फ आवाज सुनें, तब भी लगेगा कि कोई बहुत बड़ा और जीवंत मेला सज रहा है। यह हॉर्नबिल फेस्टिवल है। नागालैंड की वह रंगीन दुनिया, जहां पहुंचकर लगता है मानो पूरा पहाड़ एक साथ झूम रहा हो। इस साल भी यह मेला 1 दिसंबर से शुरू हो रहा है।
1 दिसंबर से शुरु हो रहा है नागालैंड का मशहूर हॉर्नबिल फेस्टिवल (Photo: iStock)
जब अलग-अलग रंग एक ही कैनवास पर उतरते हैं
नागालैंड अपने आप में त्योहारों की दुनिया है। यहां 17 प्रमुख जनजातियां रहती हैं और हर किसी का अपना अंदाज, अपना रंग, अपनी बोली और अपना उत्सव है। कहीं अप्रैल में कोन्याक समुदाय का आओलिंग मनाया जाता है, कहीं मई में आओ जनजाति का मोआत्सु, तो कहीं फरवरी में अंगामी लोगों का सेक्रेन्यी। हर त्योहार के पीछे खेती, मौसम, प्रकृति और साथ जीने की कोई न कोई कहानी छिपी होती है।
मगर दिक्कत यह थी कि अलग-अलग महीनों और अलग-अलग इलाकों में होने वाले इन उत्सवों को एक साथ देखना हर किसी के बस की बात नहीं थी। तभी एक ख्याल आया। क्यों न इन सब रंगों को एक ही छत, एक ही जमीन पर बुला लिया जाए? बस यहीं से हॉर्नबिल फेस्टिवल की नींव पड़ी। शायद इसीलिए लोग इसे ‘त्योहारों का त्योहार’ कहते हैं, क्योंकि यहां एक नहीं, कई उत्सवों की धमक एक साथ दिखती है।
साल 2000 की वह शुरुआत और किसामा का गांव
बात साल 2000 की है, जब नागालैंड सरकार ने इस उत्सव की नींव रखी। मकसद सीधा था- अपनी जड़ों और परंपराओं को संजोना, उन्हें दुनिया के सामने लाना और अलग-अलग समुदायों के बीच की दूरियों को मिटाना।
हर साल दिसंबर के पहले दस दिन यह रौनक कोहिमा के पास बसे किसामा हेरिटेज विलेज में उतर आती है। किसामा में कदम रखते ही आपको नागा जीवन की असली झलक मिलती है। यहां बनी पारंपरिक संरचनाएं, जिन्हें मोरुंग कहा जाता है, किसी जमाने में युवाओं के सीखने, रहने और समुदाय से जुड़ने की जगह हुआ करती थीं। किसामा में खड़े 17 मोरुंग जैसे 17 अलग-अलग दरवाजे हैं, जिनमें झांकते ही हर जनजाति की अपनी दुनिया दिख जाती है।
एक पक्षी, जो सबको जोड़ता है
आपने कभी सोचा है कि फेस्टिवल ऑफ फेस्टिवल्स कहे जाने वाले इस उत्सव का नाम ‘हॉर्नबिल’ यानी धनेश पक्षी पर ही क्यों रखा गया? नागा लोककथाओं में इस पक्षी का बड़ा सम्मान है। इसकी चाल, इसकी बनावट और इसकी शान को साहस और गौरव से जोड़कर देखा जाता है।
कई जनजातियों के पारंपरिक पहनावे और सिर के आभूषणों में हॉर्नबिल के पंखों की झलक दिखती है। गीतों और किस्सों में भी यह पक्षी बार-बार आता है। नागालैंड के लिए हॉर्नबिल सिर्फ एक चिड़िया से कहीं आगे एक ऐसा धागा है जो अलग-अलग समुदायों को आपस में बांधे रखता है।
सिर्फ नाच-गाना नहीं, जीती-जागती जिंदगी
हॉर्नबिल में आकर आपको लगेगा कि आप एक चलती-फिरती कहानी का हिस्सा बन गए हैं। कभी मंच पर युद्ध कौशल दिखाते नृत्य दिखते हैं, तो कभी फसल और प्रकृति का शुक्रिया अदा करते गीत। कहीं पारंपरिक तीरंदाजी और नागा कुश्ती का जोश दिखता है, तो कहीं बांस और लकड़ी की बारीक कारीगरी हाथ थाम लेती है।
थोड़ा आगे बढ़ें तो फूलों की सजावट और जड़ी-बूटियों के स्टॉल मिल जाते हैं। यानी यहां हर कोने में एक हुनर है, एक पुरानी याद है, जो आज भी उतनी ही ताजा है।
स्वाद, जो सीधे दिल तक जाता है
किसी जगह को समझना हो, तो उसकी थाली से बेहतर रास्ता क्या होगा? हॉर्नबिल के फूड स्टॉल पर खड़े होकर आप नागा रसोई के असली स्वाद से रूबरू होते हैं। बांस की कोपलों से बने व्यंजन, स्मोक्ड मीट, तीखे और खुशबूदार मसाले तथा स्थानीय जड़ी-बूटियों का मेल ऐसा होता है कि पहली बार चखने वाला भी उसका स्वाद देर तक नहीं भूलता। हर जनजाति के पकाने का तरीका अलग है और इन सबको एक साथ चखना किसी मजेदार सफर से कम नहीं लगता।
ढोल की थाप से गिटार के सुरों तक
मजे की बात यह है कि यह उत्सव सिर्फ पुरानी यादों में कैद नहीं रहता। दिन में जहां पारंपरिक नृत्य और लोकगीत गूंजते हैं, वहीं शाम ढलते-ढलते माहौल में आधुनिक संगीत, रॉक कॉन्सर्ट, फैशन और कला के रंग भी घुलने लगते हैं। हॉर्नबिल म्यूजिक फेस्टिवल में देश-विदेश के कलाकार आते हैं और स्थानीय प्रतिभाओं को भी बड़ा आसमान मिलता है। यहां पुरानी परंपरा और नया दौर एक-दूसरे से लड़ते नहीं, बल्कि हाथ मिलाकर चलते हैं।
एक ऐसा उत्सव, जो अपनापन दे जाता है
हॉर्नबिल फेस्टिवल की सबसे प्यारी बात यही है कि यहां हर कोई अपना रंग लेकर आता है, पर खुशी सबकी एक जैसी होती है। बाहर से आने वाले सैलानियों के लिए यह नागालैंड को करीब से जानने का मौका है और वहां के लोगों के लिए अपनी विरासत को गर्व से जीने का। अलग-अलग बोलियां, अलग-अलग कपड़े और अलग-अलग कहानियां जब एक साथ मिलती हैं, तो वाकई समझ आता है कि इसे ‘त्योहारों का त्योहार’ यूं ही नहीं कहा जाता।
