Motivational Life Lessons from Lord Shiva: सावन का महीना चल रहा है। यह महीना ना सिर्फ भक्ति और हरियाली का है बल्कि बहुत कुछ सीखने का भी है। इस पूरे माह पूजे जाने वाले देवों के देव महादेव से हम जीवन के कई गुण सीख सकते हैं। दरअसल शिव विनाशक हैं लेकिन साथ ही सृजनकर्ता भी। उनका व्यक्तित्व जितना रहस्यमी है उतना ही प्रेरणादायक भी। शिव अपने आप में एक जीवनदर्शन हैं। आइए जानें भगवान शिव से मिलने वाले जीवन के 5 जरूरी:
सरलता
शिव देवों के देव हैं। सबसे शक्तिशाली हैं। फिर भी उनका जीवन बेहद साधारण है। उनकी वेशभूषा भी काफी साधारण है। शिव से हमें सीखना चाहिए शक्तिशाली होने के बाद भी सरलता कितनी जरूरी है।
क्षमा
शिव को भोलेनाथ इसलिए कहते हैं कि वह बहुत भोले हैं। गलती के बाद भी वह अपने भक्त की तपस्या से प्रसन्न हो जाते हैं और उसे माफ कर देते हैं। शिव का जीवन हमें क्षमा करने का महत्व सिखाता है।
ध्यान
शिव अकसर ध्यान में रहते हैं। बावजूद इसके वह पूरी सृष्टि पर नजर रखते हैं। हमें भी इस दौड़भाग वाली जिंदगी में कुछ समय खुद के लिए निकालना चाहिए। शिव से ध्यान की शक्ति का सबक सीखा जा सकता है। शिव का जीवन सिखाता है कि मन की शांति भी इंसान के लिए बहुत जरूरी है।
कल्याण
शिव दूसरों की रक्षा के लिए विष भी पी लेते हैं। शिव का जीवन और विष पीने की घटना सिखाती है कि जब आपकी सबसे ज्यादा जरूरत हो तो आपको हर मुश्किल का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। अगर दूसरों के कल्याण के लिए विष पीना पड़े तो वो भी करने से नहीं झिझकना चाहिए। दूसरों के भले के लिए हमें कठिनाइयों को भी अपनाने की सीख मिलती है।
समानता
शिव सबके हैं। वह भूत-प्रेत, राक्षस या देवता सभी को अपनाते हैं। वह भेदभाव नहीं करते। शिव का यह व्यक्तित्व हमें सिखाता है कि समानता जीवन का आधार है। हमारे लिए सब एक समान होने चाहिए।
भगवान शिव के इन गुणों को अगर हम थोड़ा भी जीवन में उतार लें तो हम जीने का सही मकसद पा सकते हैं। शिव के व्यक्तित्व से हमें जो जीवन का दर्शन मिलता है, असली खुशी उसी रास्ते पर है। जरूरत है उस राह पर चलने की।
