हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा स्कूल में खुश रहे, ध्यान से पढ़ाई करे और पूरे दिन कॉन्फिडेंस से भरा महसूस करे। लेकिन अक्सर सुबह का समय जल्दीबाजी, होमवर्क की चिंता, तैयार होने की हड़बड़ी और बार-बार की टोका-टाकी में निकल जाता है। ऐसे में बच्चे का दिन तनाव के साथ शुरू हो सकता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - क्या भारत में बदल रही है परिवार की परिभाषा? एक्सपर्ट्स से जानें खुशहाल रिश्तों का नया फॉर्मूला
अगर सुबह के सिर्फ 20 मिनट थोड़ी समझदारी और प्यार से बिताए जाएं, तो बच्चे का मूड ही नहीं, उसका पूरा दिन बेहतर हो सकता है। इसके लिए किसी महंगे कोर्स या खास तैयारी की जरूरत नहीं है। बस कुछ छोटी-छोटी आदतों को रोज अपनाना काफी है। जब बच्चे दिन की शुरुआत मुस्कुराते हुए करते हैं, तो वे स्कूल में भी ज्यादा सकारात्मक महसूस करते हैं। आइए जानते हैं कि स्कूल जाने से पहले कौन-सी 5 आसान बातें हर पैरेंट को जरूर करनी चाहिए।
1. मुस्कुराकर दिन की शुरुआत करें
बच्चे को उठाते समय तेज आवाज या डांट की जगह प्यार से गुड मॉर्निंग कहें। दिन की पहली मुस्कान बच्चे के मन में अच्छा एहसास पैदा करती है और वह बिना तनाव के तैयार होने लगता है।
2. पांच मिनट खुलकर बात करें
स्कूल जाने से पहले बच्चे से पूछें, कि वे कैसा फील कर रहे हैं। स्कूल में उन्हें आज क्या नया सीखने को मिलेगा, वे क्या करना चाहते हैं। ऐसी छोटी बातचीत बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ाती है और उसे लगता है कि उसकी बातें सुनी जा रही हैं।
3. बिना जल्दबाजी के नाश्ता कराएं
सुबह का पौष्टिक नाश्ता बच्चे को दिनभर ऊर्जा देता है। कोशिश करें कि नाश्ता करते समय टीवी या मोबाइल बंद रहे ताकि बच्चा आराम से खा सके और परिवार के साथ थोड़ा समय भी बिता सके।
4. एक छोटी जिम्मेदारी दें
स्कूल बैग उठाना, पानी की बोतल रखना या अपने जूते सही जगह रखना जैसी छोटी जिम्मेदारियां बच्चे को आत्मनिर्भर बनाती हैं। इससे उनमें जिम्मेदारी निभाने की आदत भी विकसित होती है।
5. जाते समय एक पॉजिटिव बात जरूर कहें
स्कूल के लिए निकलते समय बच्चे से कहें, ऑल द बेस्ट, हेव अ गुड डे या तुम अच्छा करोगे.. ऐसे शब्द बच्चे के मन में पूरे दिन सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखते हैं।
हर सुबह परफेक्ट होना जरूरी नहीं है, लेकिन अगर ये 20 मिनट प्यार, धैर्य और अपनापन लेकर आएं, तो बच्चे के चेहरे की मुस्कान और उसका आत्मविश्वास दोनों बढ़ सकते हैं। छोटी-छोटी अच्छी आदतें ही आगे चलकर बच्चों की मजबूत सोच और अच्छी दिनचर्या की नींव बनती हैं।
