आज मिस वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले है। ग्रैंड फिनाले से पहले भारत की प्रतिनिधि निकिता पोरवाल अपने खास फैशन अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। वियतनाम में चल रही मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के दौरान निकिता ने ऐसा गाउन पहना, जिसका कनेक्शन ब्रिटिश शाही परिवार और दिवंगत प्रिंसेस डायना की सबसे चर्चित अंगूठियों में से एक से है।
प्रिंसेस डायना की अंगूठी बनी प्रेरणा
निकिता का यह गाउन डिजाइनर साइशा शिंदे ने तैयार किया है। इसकी प्रेरणा प्रिंसेस डायना की सगाई की मशहूर अंगूठी से ली गई है। यह वही अंगूठी है, जो डायना की पहचान बन गई थी और बाद में ब्रिटिश शाही परिवार की अगली पीढ़ी से भी जुड़ी। गाउन को साइशा शिंदे के कूट्योर फॉल 2026 संग्रह की थीम से जोड़कर निकिता के लिए खास तौर पर तैयार किया गया।
नीले नीलम वाली अंगूठी क्यों है इतनी खास?
प्रिंसेस डायना की सगाई की अंगूठी के बीच में बड़ा अंडाकार नीला नीलम है, जिसके चारों तरफ हीरे जड़े हुए हैं। इसे सफेद सोने में तैयार किया गया था और इसे ब्रिटिश शाही आभूषण निर्माता गैरार्ड ने बनाया था। अंगूठी का गहरा नीला रंग और उसका क्लासिक डिजाइन इसे दूसरी शाही अंगूठियों से अलग पहचान देता है। दिलचस्प बात यह भी है कि यह डिजाइन केवल डायना के लिए बनाया गया अनोखा नमूना नहीं था, बल्कि गैरार्ड के संग्रह में उपलब्ध डिजाइन था।
डायना के बाद कैथरीन तक पहुंची अंगूठी
डायना ने 1981 में प्रिंस चार्ल्स से सगाई के बाद इस अंगूठी को लगातार पहना। उनकी मृत्यु के बाद यह अंगूठी शाही परिवार में ही रही। बाद में यह कैथरीन, प्रिंसेस ऑफ वेल्स के हाथों में पहुंची और आज भी वह इसे पहनती हैं। यही वजह है कि इस अंगूठी को ब्रिटिश शाही परिवार की एक खास विरासत के तौर पर देखा जाता है।

प्रिंसेस डायना के सगाई की अंगूठी
निकिता का गाउन नहीं है फिनाले लुक
यहां एक बात साफ करना जरूरी है कि निकिता का डायना से प्रेरित यह गाउन मिस वर्ल्ड 2026 का उनका ग्रैंड फिनाले वाला परिधान नहीं है। यह उनके आधिकारिक मिस वर्ल्ड परिधानों का हिस्सा है। फिनाले के लिए उनका खास लुक डिजाइनर भावना राव ने तैयार किया है। यानी डायना से प्रेरित गाउन उनके पूरे अंतरराष्ट्रीय पेजेंट सफर के फैशन लुक्स में से एक है।
उज्जैन से मिस वर्ल्ड के मंच तक
मध्य प्रदेश के उज्जैन से आने वाली निकिता पोरवाल मॉडल होने के साथ-साथ रंगमंच से भी जुड़ी रही हैं। मिस वर्ल्ड की उनकी यात्रा सिर्फ फैशन और खूबसूरत परिधानों तक सीमित नहीं रही। उन्होंने ‘ब्यूटी विद अ पर्पज’ पहल के तहत प्रोजेक्ट माटी पर काम किया है, जिसमें आदिवासी महिलाओं और बच्चों से जुड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, साफ पानी और आर्थिक अवसर जैसे मुद्दे शामिल हैं।

निकिता पोरवाल (Photo: Nikita Porwal Instagram)
डायना की शैली की आज भी है अपनी चमक
प्रिंसेस डायना को दुनिया लंबे समय से उनकी सहज लेकिन प्रभावशाली शैली के लिए याद करती है। उनके कई परिधान और आभूषण आज भी फैशन की दुनिया में प्रेरणा देते हैं। निकिता का यह गाउन भी उसी विरासत को नए अंदाज में सामने लाता है। इसमें डायना की हूबहू नकल करने के बजाय उनकी सबसे पहचानी जाने वाली शाही चीजों में से एक को आधुनिक फैशन के जरिए याद किया गया है।
आज होगा मिस वर्ल्ड 2026 का फिनाले
मिस वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले 5 सितंबर को वियतनाम के न्हा ट्रांग में आयोजित हो रहा है। भारत में दर्शक इसे शाम 5:30 बजे जियोहॉटस्टार पर लाइव देख सकते हैं। ऐसे में अब नजर इस बात पर है कि निकिता पोरवाल अपने फिनाले लुक और प्रदर्शन के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को किस तरह पेश करती हैं।
