लाइफस्टाइल

तीज पर पत्नी ने रखा आपके लिए निर्जला व्रत, पतियों की भी बनती हैं कुछ जिम्मेदारियां, ऐसे बनाएं रिश्ते को और मजबूत

तीज का व्रत सिर्फ पत्नी की जिम्मेदारी नहीं है। इस दिन पति का थोड़ा सहयोग, समझदारी और प्यार रिश्ते में बड़ी गर्माहट ला सकता है। कुछ आसान कोशिशें त्योहार को बोझ नहीं, बल्कि दोनों के लिए खूबसूरत याद बना सकती हैं।

Image

पति-पत्नी का रिश्ता मजबूत कैसे बनाएं

आज सुहागिन महिलाओं द्वारा कजरी तीज का व्रत रखा जा रहा है। कई विवाहित महिलाएं इस दिन अपने पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य की कामना के लिए व्रत रखती हैं। लेकिन इस पूरे दिन की कहानी सिर्फ पत्नी के व्रत रखने तक सीमित क्यों रहे? अगर एक साथी पूरे दिन अपनी दिनचर्या बदलकर दूसरे के लिए कुछ कर रहा है, तो दूसरे साथी की तरफ से प्यार और सहयोग भी उतना ही खूबसूरत लगता है।

टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - कजरी तीज की हार्दिक शुभकामनाएं इन हिंदी

पति को भी इस दिन यह समझने की जरूरत है कि पत्नी का व्रत केवल खाना-पीना छोड़ देना नहीं है। पूरे दिन बिना खाए-पिए रहना किसी के लिए भी आसान नहीं होता। ऐसे में पति का बार-बार यह पूछना कि कुछ चाहिए? या घर के छोटे काम अपने हाथ में ले लेना काफी मायने रख सकता है। रिश्ते में बड़े-बड़े उपहारों से ज्यादा कई बार यही छोटी बातें याद रह जाती हैं। ऐसे में अगर आपकी पत्नी भी आज तीज का व्रत रख रही है, तो उसके लिए ये छोटी-छोटी चीजें जरूर करें।

सुबह से करें शुरुआत

अगर पत्नी व्रत रख रही हैं तो सुबह घर के कामों में हाथ बंटाना एक अच्छी शुरुआत हो सकती है। नाश्ता बनाना, बच्चों को संभालना या जरूरी काम खुद कर लेना उन्हें आराम देने का आसान तरीका है।

बार-बार खाने का मजाक न बनाएं

भूख लगी होगी.. बिना खाए कैसे रहोगी.. जैसी बातें मजाक में कही जा सकती हैं। लेकिन पत्नी को चिढ़ाने के बजाय उसका हौसला बढ़ाएं और उसकी पसंद की चीजें व्रत खुलने के लिए तैयार रखें।

सिर्फ फूल नहीं, थोड़ा समय भी दें

तीज पर उपहार देना अच्छा है, लेकिन पूरा दिन फोन में व्यस्त रहना और शाम को अचानक उपहार पकड़ा देना रिश्ते की खूबसूरती नहीं बढ़ाता। कुछ समय साथ बैठें, बातें करें और उसकी तैयारियों में दिलचस्पी लें।

व्रत खुलवाने की तैयारी पहले करें

शाम की पूजा या व्रत खोलने के समय जल्दबाजी न हो, इसके लिए जरूरी चीजें पहले से तैयार रखी जा सकती हैं। पानी, फल या भोजन जो भी परिवार की परंपरा और पत्नी की पसंद के अनुसार हो, उसकी व्यवस्था पति कर सकता है।

तीज एक दिन का त्योहार है, लेकिन रिश्ते की मजबूती रोज की जिंदगी में दिखाई देती है। इसलिए पति का सहयोग सिर्फ ऐसे व्रत-त्योहार तक सीमित नहीं होना चाहिए। घर, जिम्मेदारियां, बच्चों की देखभाल और एक-दूसरे के लिए समय, इन सबमें साझेदारी रिश्ते को ज्यादा खूबसूरत बनाती है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article