लाइफस्टाइल

इडली-सांभर का न्यूट्रिशन डिकोड: जानें आपकी इस पसंदीदा डिश में कितना है दम

डाइट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इडली-सांभर सेहतमंद जरूर है, लेकिन इसे प्रोटीन से भरपूर भोजन कहना पूरी तरह सही नहीं होगा।

Image

क्या प्रोटीन से भरपूर है इडली सांभर (Photo: iStock)

Idli Sambhar Nutrition Decode: इडली-सांभर को आमतौर पर सेहतमंद और पौष्टिक नाश्ते का बेहतरीन विकल्प माना जाता है। खासकर दक्षिण भारतीय खाने की बात हो तो इडली-सांभर का नाम सबसे पहले आता है। हल्का होने के कारण इसे वजन घटाने वाली खुराक से लेकर व्यायाम करने वालों की खुराक तक में शामिल किया जाता है। लेकिन क्या इडली-सांभर वाकई उतना प्रोटीन से भरपूर नाश्ता है, जितना हम अक्सर मान लेते हैं?

क्लीनिकल न्यूट्रीशनिस्ट और डाइट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इडली-सांभर सेहतमंद जरूर है, लेकिन इसे प्रोटीन से भरपूर भोजन कहना पूरी तरह सही नहीं होगा।

तीन इडली में कितना प्रोटीन?

एक सामान्य आकार की इडली में करीब डेढ़ से दो ग्राम प्रोटीन हो सकता है। यानी अगर आप नाश्ते में तीन इडली खाते हैं, तो आपको लगभग पांच से छह ग्राम प्रोटीन ही मिलेगा।

इडली के घोल में उड़द की दाल होती है, इसलिए इसमें प्रोटीन आता है। लेकिन इसमें चावल की मात्रा भी काफी होती है। इसलिए इडली मुख्य रूप से शरीर को कार्बोहाइड्रेट देती है और दाल से कुछ मात्रा में प्रोटीन मिलता है। यानी केवल इडली खाकर यह मान लेना कि आपने प्रोटीन से भरपूर नाश्ता कर लिया है, सही नहीं होगा।

असली भूमिका सांभर की है

अगर आपकी थाली में प्रोटीन बढ़ाना है तो सांभर पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। एक कटोरी गाढ़े और अच्छी मात्रा में दाल वाले सांभर से करीब चार से छह ग्राम प्रोटीन मिलता है।

हालांकि, यहां एक जरूरी बात समझनी होगी। घर पर बना गाढ़ा सांभर, जिसमें पर्याप्त दाल और सब्जियां हों, ज्यादा पौष्टिक हो सकता है। इसके मुकाबले बाहर मिलने वाला बहुत पतला और पानी जैसा सांभर कम प्रोटीन देता है, क्योंकि उसमें दाल की मात्रा कम होती है। इसलिए इडली के साथ सांभर को केवल थोड़ी-सी मात्रा में साथ रखने के बजाय पर्याप्त मात्रा में लेना बेहतर है।

तीन इडली और सांभर से कितना प्रोटीन?

तीन इडली और एक अच्छी मात्रा में गाढ़े सांभर को मिलाकर करीब नौ से बारह ग्राम प्रोटीन मिल सकता है। यह एक ठीक-ठाक नाश्ता है, लेकिन इसे 20-25 ग्राम प्रोटीन वाला भोजन समझना सही नहीं होगा।

इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि इडली खाना छोड़ दें। जरूरत सिर्फ इतनी है कि अपनी थाली में मौजूद प्रोटीन की मात्रा को सही तरीके से समझें।

फिर भी खास क्यों है इडली-सांभर?

इडली और सांभर की जोड़ी केवल स्वाद के लिए लोकप्रिय नहीं है। चावल और दाल में मौजूद अलग-अलग पोषक तत्व एक-दूसरे के साथ मिलकर भोजन को ज्यादा संतुलित बनाते हैं।

इसके अलावा इडली का घोल कुछ समय तक खमीर उठने की प्रक्रिया से गुजरता है। इससे भोजन में बदलाव आता है और इसे पचाना आसान हो सकता है। यानी यह पारंपरिक नाश्ता पोषण के लिहाज से खराब नहीं है। बस इसके बारे में हमारी उम्मीद सही होनी चाहिए।

इडली को ऐसे बनाएं ज्यादा पौष्टिक

अगर आपको इडली पसंद है तो इसे अपनी खुराक से हटाने की जरूरत नहीं है। तीन इडली के साथ पर्याप्त मात्रा में गाढ़ा सांभर लें। इसके अलावा दही, अंडा, पनीर या कोई दूसरी प्रोटीन वाली चीज भी भोजन में शामिल की जा सकती है।

सिर्फ किसी के कहने पर इडली छोड़कर कोई दूसरी चीज खाने की जरूरत नहीं है। बात इडली के अच्छी या खराब होने की नहीं है, बल्कि यह समझने की है कि आपकी थाली में वास्तव में कितना प्रोटीन पहुंच रहा है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article