लाइफस्टाइल

Self Care Routine: 2026 में लिया है खुद का ख्याल रखने का वादा? तो ऐसे करें शुरुआत, देखें सेल्फ केयर टिप्स

Self Care Routine For New Year 2026: साल 2026 में कई लोगों ने सेल्फ केयर की कसम खाई है। इसका मतलब है इस साल खुद की सेहत और खूबसूरती पर ध्यान देने वाले हैं। लेकिन इसकी शुरुआत कैसे करनी है, ये हम आपको यहां बता रहे हैं। यहां सेल्फ केयर के लिए टिप्स दी गई हैं।

Image

सेल्फ केयर टिप्स (pic credit: canva)

Self Care Routine: सेल्फ केयर इसलिए जरूरी है, क्योंकि जब हम खुद का ध्यान नहीं रखते तो धीरे- धीरे थकान, चिड़चिड़ापन और तनाव हमारी जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं। रोज की भागदौड़ में अगर हम अपने मन और शरीर को आराम नहीं देंगे, तो न काम ठीक से कर पाएंगे और न ही अपनों के साथ खुश रह पाएंगे। सेल्फ केयर हमें अंदर से मजबूत बनाता है, सोच को साफ रखता है और मुश्किल हालात में भी संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। जब हम खुद को समय देते हैं, तब ही हम ज़िंदगी को बेहतर तरीके से जी पाते हैं। तो अगर आपने भी साल 2026 में सेल्फ केयर का वादा लिया है, तो आप यहां से कुछ खास टिप्स ले सकते हैं।

दिन की शुरुआत

सुबह उठते ही फोन देखने की बजाय 10 से 15 मिनट अपने लिए निकालें। हल्की स्ट्रेचिंग, टहलना या बस चुपचाप बैठकर गहरी सांस लेना, कुछ भी चलेगा। इससे दिन की शुरुआत शांत दिमाग से होती है और पूरा दिन बेहतर जाता है।

डिजिटल बैलेंस बनाएं

2026 में स्क्रीन से बच पाना मुश्किल है, लेकिन संतुलन बनाना संभव है। दिन में कुछ समय ऐसा रखें जब आप मोबाइल, लैपटॉप या सोशल मीडिया से दूर रहें। खाना खाते समय फोन न देखें और सोने से पहले स्क्रीन टाइम कम करें। यह छोटी आदत दिमाग को बहुत राहत देती है।

अपने शरीर की सुनें

सेल्फ केयर का एक बड़ा हिस्सा शरीर की जरूरतों को समझना है। समय पर खाना, भरपूर पानी पीना और पूरी नींद लेना बहुत जरूरी है। फिट रहने के लिए घंटों जिम जाना जरूरी नहीं, रोज 20 से 30 मिनट चलना या हल्का व्यायाम भी काफी है।

भावनाओं को दबाएं नहीं

हम अक्सर सब ठीक है कहकर अपनी भावनाओं को नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन सेल्फ केयर का मतलब है अपनी खुशी, उदासी, गुस्सा, सबको स्वीकार करना। अगर मन भारी लगे तो किसी भरोसेमंद इंसान से बात करें या अपनी बातें लिख लें। यह मन को हल्का करता है।

खुद से तुलना करना बंद करें

सोशल मीडिया पर दूसरों की जिंदगी परफेक्ट लग सकती है, लेकिन हकीकत अलग होती है। 2026 में सबसे जरूरी सेल्फ केयर है, खुद की तुलना दूसरों से न करना। आपकी रफ्तार, आपका सफर अलग है, और यह बिल्कुल ठीक है।

Srishti
सृष्टिauthor

सृष्टि टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की फीचर डेस्क से जुड़ी कंटेंट राइटर हैं, जो मुख्य रूप से धर्म और लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। सृष्टि को आध्यात्म, भारतीय संस्कृति और साहित्य में गहरी रुचि है। यही वजह है कि उनके लेखों में परंपरा, आस्था और जीवनशैली की सहज समझ खूबसूरती से दिखाई देती है। वह धार्मिक कथाओं, ग्रंथों से जुड़े विषयों, आध्यात्मिक ट्रेंड्स और समकालीन जीवनशैली पर 5,000 से अधिक लेख लिख चुकी हैं। मॉडर्न लाइफस्टाइल और पारंपरिक मूल्यों के बीच संतुलन बनाते हुए वह ऐसे कंटेंट गढ़ती हैं, जो प्रेरक होने के साथ-साथ जानकारीपूर्ण भी होता है।

और पढ़ें
End of Article