Ghar Par Gulal Kaise Banaen: देशभर में होली की धूम मची हुई है। लोग होली के दिन गिन रहे हैं और खरीदारी किए जा रहे हैं। वैसे तो कपड़े और मिठाईयां खरीदना आसाना है, लेकिन जो काम सबसे ज्यादा मुश्किल है वो है अपने लिए रंग खरीदना। बाजार में मिलने वाले कलर्स यानी रंग और गुलाल में नुकसान देने वाले कैमिकल होते हैं और ये स्किन को डैमेज कर देते हैं। वहीं, जो रंग ऑर्गेनिक होने का दावा करते हैं, वो काफी ज्यादा महंगे मिलते हैं। ऐसे में आप अपना पैसा बचाएं और यहां से सीखकर घर पर ही रंग और गुलाल बना लें। ये आपके और आपके बच्चे दोनों के लिए सेफ होगा और इससे आप बिना परेशान हुए होली खेल पाएंगे।
लाल रंग
गुड़हल के फूलों को तोड़कर कुछ दिन तक धूप में सुखा लें और सूखने के बाद इसका पाउडर बना लें एवं मैदा या चावल के आटे में मिक्स करके रख दें और होली के दिन इसका इस्तेमाल करें। गीला रंग बनाने के लिए आप गुड़हल के फूल को पानी में उबाल सकते हैं। लाल गीला रंग बनाने के लिए आप अनार के छिलके का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए अनार के छिलके को आप पानी में उबालें थोड़ी देर बाद यह अच्छा खासा लाल हो जाएगा और आप इसे होली खेलने में इस्तेमाल कर सकते हैं।
गुलाबी रंग
गुलाबी रंग बनाने के लिए चुकंदर को छीलकर काट लें। अब इसे रातभर के लिए पानी में भिगोकर रख दें। अगले दिन इस पानी को छान लें। अगर सूखा गुलाबी रंग बनाना चाहते हैं, तो गुलाब की पंखुड़ियों को सुखा लें। फिर इसे मिक्सी में बारीक पीसकर पाउडर तैयार कर लें। इस पाउडर को मैदे के साथ मिला लें। आपका गुलाल और रंग तैयार है।
नारंगी रंग
संतरे के छिलकों को सुखाकर पीस लें। ऑरेंज कलर के लिए आप ऑरेंज मेपल ट्री के पत्तों का भी यूज कर सकते हैं। ऐसे आपको नारंगी रंग मिल जाएगा। इसके अलावा आप गेंदे के फूल को सूखाकर पीस सकते हैं, ये भी नारंगी गुलाल का काम करता है।
पीला रंग
हल्दी को बेसन में मिला लें। ध्यान रखें बेसन और हल्दी का की मात्रा बराबर हो। रंग बनाने के लिए आप पानी में हल्दी को उबाल सकते हैं। अगर आप फूलों से भी पीला गुलाल बनाना चाहते हैं तो गेंदे के फूल का या गुलदाउदी के फूल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हें धूप में अच्छे से सुखा लें फिर इनको पाउडर के रूप में तैयार कर लें। आटे या मैदा में मिलाकर आप इसका इस्तेमाल गुलाल की तरह सकते हैं। आपकी स्किन के लिए यह बेहद फायदेमंद है। इसमें एंटी एजिंग एवं एंटी ऑक्सीडेंट्स गुण पाए जाते हैं।
हरा रंग
हरी धनिया, पालक, सरसो के पत्ते को सुखाकर इनका पाउडर बनाकर आटे या मैदे में मिलाकर इसका हरे गुलाल के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं या इन्हें पानी में उबालकर गीले रंगो के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। ये हर्बल कलर गुलाल के रूप में इस्तेमाल भी होते हैं और आपके चेहरे के लिए फायदेमंद भी हैं।
