बालों को सिल्की और शाइनी बनाने के लिए इन्हें समय समय पर वॉश करना और इसके बाद हेयर कंडीशनर का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी होता है। आजकल बाजार में कई तरह के हेयर कंडीशनर उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें केमिकल की मात्रा भी होती है जो बालों को डैमेज कर सकती है। ऐसे में आप कुछ घरेलू चीजों से घर पर ही हेयर कंडीशनर तैयार कर सकती हैं। आज यहां हम आपको कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताएंगे, जो कंडीशनर की जगह ही काम करते हैं। इन चीजों का इस्तेमाल कर आप बालों से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा पा सकती हैं।
दही और शहद कंडीशनर
दही और शहद का हेयर कंडीशनर तैयार करने के लिए ½ कप ताजा दही, 1 बड़ा चम्मच शहद, 1 बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल लें। फिर इन्हें अच्छी तरह मिक्स करें और बालों पर अप्लाई करें। 20 मिनट बाद हल्के गुनगुने पानी से बालों को धो लें। ये कंडीशनर बालों को मुलायम और मॉइश्चराइज करता है।
अंडा और जैतून तेल कंडीशनर
बालों के लिए अंडा और जैतून के तेल से बना कंडीशनर भी बेहद कारगर माना जाता है। कंडीशनर तैयार करने के लिए एक कोटरी में 1 अंडा, 2 बड़े चम्मच जैतून का तेल और 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस लें। इन्हें अच्छी तरह मिक्स कर बालों पर अप्लाई करें। 15-20 मिनट बाद इसे माइल्ड शैंपू से धो लें। ये बालों को सिल्की और मजबूत बनाने में काफी कारगर माना जाता है।
नारियल दूध कंडीशनर
इस कंडीशनर की मदद से भी आप बालों को सिल्की और शाइनी बना सकते हैं। इसके लिए ½ कप नारियल दूध, 1 बड़ा चम्मच शहद और 1 चम्मच बादाम तेल लें। फिर इसे अच्छी तरह मिक्स करें और बालों पर अप्लाई करें। 30 मिनट बाद बालों को धो लें। फिर गुनगुने पानी से हेयरवॉश कर लें। इससे ड्राई और फ्रिज़ी बालों को स्मूद बनाने में मदद मिलेगी।
