Homemade Shampoo: सर्दियों का मौसम अपने साथ ठंडी हवाएं और सूखापन लेकर आता है, जिसका सीधा असर बालों पर पड़ता है। बाल रूखे, बेजान और बिजली की तरह उड़ते हुए नज़र आने लगते हैं। बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त शैम्पू कई बार इस समस्या को और बढ़ा देते हैं। ऐसे में प्राकृतिक चीजों से तैयार किया गया घरेलू शैम्पू एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। आज हम आपको एक ऐसे ही शैम्पू की रेसिपी बता रहे हैं, जो सर्दियों में आपके बालों को मुलायम, चमकदार और हाइड्रेटेड रखने में मदद करेगा।
विंटर केयर है जरुरी
ठंड में बालों में नमी की कमी हो जाती है, और गर्म पानी से नहाने की आदत बालों की नमी को और छीन लेती है। ऐसे में बालों में रूसी, खुजली और बाल टूटने की समस्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है। ऐसे में सर्दियों में बालों में प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल करना बेहतरीन हो सकता है।
घर पर शैम्पू कैसे बनाएं
ये वाला देसी घरेलू शैम्पू बालों को अंदर से पोषण देकर उन्हें मजबूत और मुलायम बनाता है।
सामग्री
2 चम्मच दही
1 चम्मच शीया बटर
1 चम्मच बेसन
4-5 बूंदें जोजोबा या नारियल का तेल
कैसे बनाएं
1. एक कटोरी में शीया बटर लें। इसे हल्का गर्म करके पिघला लें (माइक्रोवेव या डबल बॉयलर में)।2. अब इसमें दही और बेसन डालकर अच्छी तरह मिलाएं ताकि कोई गांठ न रहे।
3. अगर बाल ज्यादा रूखे हैं, तो इसमें जोजोबा या नारियल तेल की कुछ बूंदें मिला सकते हैं।
4. एक स्मूद पेस्ट तैयार होने तक सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें।
कैसे करें इस्तेमाल
सबसे पहले आपको बालों को हल्के गुनगुने पानी से गीला कर लेना है। फिर तैयार किए हुए मिश्रण को बालों और स्कैल्प पर अच्छे से लगा लेना है। हल्के हाथों से स्कैल्प की करीब 2-3 मिनट तक मसाज करें। और फिर उसे करीब 5-7 मिनट तक बालों में लगा रहने दें। आखिरी में बालों को ठंडे या गुनगुने पानी से अच्छे से धो लें।
हालांकि किसी भी नए उत्पाद को लगाने से पहले हमेशा अपनी त्वचा के एक छोटे से हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर कर लें ताकि एलर्जी की आशंका को खारिज किया जा सके। अगर आपकी स्कैल्प बहुत अधिक ऑयली है या फिर आपको कोई विशेष त्वचा संबंधी समस्या है, तो किसी विशेषज्ञ से सलाह लेने के बाद ही इसका इस्तेमाल करें।
