Home Remedies for Prickly Heat: गर्मियों का मौसम आते ही तेज धूप, पसीना और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा देते हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा दिक्कत घमौरियों की होती है। आमतौर पर गर्दन, पीठ, बाजू और सीने पर होने वाली छोटे-छोटे लाल दानेदार घमौरियों न केवल जलन और खुजली पैदा करती हैं, बल्कि हमें दिन भर बेचैन भी बनाए रखती हैं। कई लोग इससे राहत पाने के लिए महंगे पाउडर और क्रीम का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन घर में मौजूद कुछ देसी चीजें भी बेहद असरदार साबित हो सकती हैं। अगर आप भी गर्मी में घमौरियों से परेशान हैं, तो आज हम आपको एक ऐसा असरदार घरेलू नुस्खा (Ghmoriya ka Desi Nuskha) बताएंगे जो आपकी घमौरियों को ठीक करके आपको भरपूर ठंडक देने का काम करेगा।
क्यों होती हैं घमौरियों?
आमतौर पर तेज गर्मी में घमौरियों होने लगती हैं। क्योंकि ज्यादा पसीना निकलने की वजह से त्वचा के रोम छिद्र बंद हो जाते हैं। इससे त्वचा पर छोटे लाल दाने निकल आते हैं और उनमें खुजली, चुभन या जलन महसूस होती है। गर्म और उमस भरे मौसम में यह समस्या बच्चों से लेकर बड़ों तक किसी को भी परेशान कर सकती हैं।
क्या है घमौरियों के लिए घरेलू नुस्खा
यदि आप भी गर्मी में घमौरियों से परेशान हैं, तो मुल्तानी मिट्टी और गुलाब जल से बना यह घरेलू नुस्खा आपकी त्वचा को तुरंत ठंडक देने में मदद कर सकता है। यह उपाय त्वचा को ठंडा रखने के साथ-साथ जलन और खुजली से भी राहत दिलाता है। आइए जानते हैं कैसे राहत दिलाता है ये नुस्खा और कैसे करें इस्तेमाल।
क्यों फायदेमंद है मुल्तानी मिट्टी
भारतीय आयुर्वेद की परंपरा में मुल्तानी मिट्टी को सदियों से त्वचा की देखभाल के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है। इसकी तासीर ठंडी होती है, जो त्वचा को तुरंत राहत देती है। यह अतिरिक्त तेल और पसीने को सोखने में मदद करती है और त्वचा को ठंडा बनाए रखती है। घमौरियों पर मुल्तानी मिट्टी का लेप लगाने से जलन कम हो सकती है और त्वचा को आराम मिलता है।
गुलाब जल के फायदे
गुलाब जल का इस्तेमाल त्वचा को हाइड्रेट रखने में किया जाता है। इसमें मौजूद प्राकृतिक गुण त्वचा की जलन और लालिमा को कम करने में सहायक माने जाते हैं। गर्मी में गुलाब जल लगाने से त्वचा तरोताजा महसूस करती है और ठंडक का एहसास होता है। यही कारण है कि घमौरियों में भी गुलाब जल का इस्तेमाल करना फायदेमंद होता है।
कैसे तैयार करें नुस्खा
इसे तैयार करने के लिए आपको 2 चम्मच मुल्तानी मिट्टी आवश्यकता होगी, इसके साथ 3 से 4 चम्मच गुलाब जल की भी जरूरत होगी। इसके अलावा जरूरत हो तो थोड़ा ठंडा पानी मिक्स कर सकते हैं।
पेस्ट बनाने का तरीका
एक कटोरी में मुल्तानी मिट्टी लें और उसमें गुलाब जल मिलाकर स्मूथ पेस्ट तैयार कर लें। अगर पेस्ट ज्यादा गाढ़ा लगे, तो थोड़ा ठंडा पानी मिला सकते हैं।
इस्तेमाल करने का तरीका
इस पेस्ट को घमौरियों वाली जगह पर हल्के हाथों से लगाएं। इसे लगाने के करीब 15 से 20 मिनट तक इसे सूखने दें। इसके बाद ठंडे पानी से इसे धो लें। यह नुस्खा त्वचा को ठंडक देने के साथ-साथ पसीने की चिपचिपाहट को भी कम करने में मदद करता है। इसके अलावा दिन में एक बार इसका इस्तेमाल करने से राहत महसूस हो सकती है।
