Holi 2024 Namak Pare Recipe: होली का त्योहार नजदीक है। ऐसे में महिलाएं इस दिन को और भी ज्यादा खास बनाने के लिए रसोई में अलग-अलग डिश बनाने की तैयारी में लग गई हैं। अगर आप भी होली पार्टी में सर्व करने के लिए कुछ बेहतरीन ऑप्शन देख रही हैं और इसके साथ ही कुछ ऐसा तैयार करना चाहती हैं, जिसे स्टोर करके रखा जा सके तो ये खबर आपके काम की है। आप खस्ता नमक पारे ट्राई कर सकती हैं। नमक पारे की ये रेसिपी चाय के साथ आपकी छोटी-मोटी भूख के लिए भी एकदम परफेक्ट है। तो आइये बिना देर किए जानते हैं खस्ता नमक पारे की स्वादिष्ट हलवाई स्टाइल रेसिपी।
नमक पारे बनाने की सामग्री-
1) मैदा - 550 ग्राम
2) अजवाइन - 1 टी स्पून
3) नमक - स्वादानुसार
4) चाट मसाला - 1 टी स्पून
5) तेल - 1 कप
नमक पारे बनाने की सबसे आसान विधि-
1) नमक पारे बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में मैदा, अजवाइन, तेल और स्वादानुसार नमक डाल लें।
2) अब इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करके हल्के गुनगुने पानी की मदद से मैदे का आटा गूंध लें। नमक के पारे बनाने के लिए हमेशा टाइट आटा ही गूंधना चाहिए।
3) इसके बाद इस गूंधे हुए आटे को लगभग 20 मिनट एक कपड़े से ढक कर अलग रख दें।
4) अब इस आटे की बड़ी-बड़ी लोइयां बना लें। बाद में चकले पर एक लोई रखकर मोटे पराठे की तरह बेल लें।
5) इसके बाद इस बेले हुए पराठे को चाकू या किसी भी धारदार चीज से छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें। इसी तरह सारी लोइयों के नमक पारे बना लें।
6) अब एक कड़ाही में धीमी आंच पर तेल गर्म करके उसमें नमक पारे डालकर आंच को मीडियम पर करें।
7) इसके बाद नमक पारे को तब तक फ्राई करें जब तक कि इनका रंग गोल्डन ब्राउन न हो जाए।
8) अब अंत में नमक पारे जब हल्के ठंडे हो जाएं तो इनमें चाट मसाला डालकर एयर टाइट डिब्बे में स्टोर करके रख लें।
