Holi 2024 Natural Colours: होली रंग और मौज-मस्ती का त्योहार है। इस साल 25 मार्च को होली सेलिब्रेट किया जाएगा। इस दिन लोग एक-दूसरे को सारे गिले-शिकवे भूलकर रंग लगाते हैं। लेकिन ये मस्ती तब फिकी पड़ जाती है जब होली खेलने के लिए बाजार से केमिकल वाले पक्के रंगों का इस्तेमाल किया जाता है। ये रंग आपकी स्किन को नुकसान पहुंचा सकते हैं। सिंथेटिक रंगों से होली खेलने से स्किन में खुजली, ड्राइनेस, चकत्ते, एलर्जी और आंखों में जलन की समस्या हो सकती है। इस तरह की परेशानियों से बचने के लिए आप घर पर ही बड़ी आसानी से फूलों की मदद से हर्बल कलर तैयार कर सकते हैं। ये रंग केमिकल फ्री होने के साथ-साथ सेफ भी होते हैं। तो आइये जानते हैं नैचुरल रंग तैयार करने का तरीका।
1) इस फूल से बनाएं लाल रंग
आपके गार्डन में गुड़हल का पौधा लगा है और उस पर फूल आ रहे हैं तो आपको नैचुरल और खुशबूदार लाल रंग मिल सकता है। इसके लिए गुड़हल के फूलों को कुछ रोज तक धूप में सुखा लें और जब इस फूल की पत्तियां सूखकर बिलकुल कड़क हो जाएं तो इनको मिक्सी में पीस लीजिए। ये पाउडर बन चुका है और इसमें थोड़ा सा मैदा मिला लीजिए। अब आपका लाल रंग तैयार है।
2) गुलाब से बनेगा गुलाबी रंग
आपके गार्डन में गुलाब के फूल हैं तो आप उनसे बेहद खुशबूदार लाल और गुलाबी रंग बना सकते हैं। गुलाब की पत्तियों को अच्छी तरह धूप में सुखा लीजिए और फिर इसे पीस कर आप इसमें मैदा मिला सकती हैं। आप चाहें तो बिना मैदा लगाए भी इस रंग से होली खेल सकती हैं।
3) घर पर ऐसे बनेगा नीला रंग
अगर आपके घर में अपराजिता के फूल आ रहे हैं तो आप इनसे शानदार नीला रंग बना सकते हैं। अपराजिता के फूलों को सुखा कर मिक्सी में पीस लीजिए। अब इसमें मैदा मिलाकर नीला रंग तैयार कर लीजिए। आप चाहें तो अपराजिता के फूलों को पानी में उबाल कर इसका गीला रंग भी तैयार कर सकते हैं।
4) सबसे आसानी से बनता है पीला रंग
गेंदे के फूलों से आप पीला रंग बना सकते हैं। गेंदे के फूलों को सुखा कर पीस लीजिए और इसमें मैदा मिलाकर पीला और नारंगी रंग तैयार किया जा सकता है। आप चाहें तो गेंदे के फूलों को पानी में उबाल कर उनसे लिक्विड कलर भी बना सकते हैं।
