Heatwave Safety Tips: देश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी इस समय अपने चरम पर है। इन दिनों तेज धूप, लू और लगातार बढ़ता तापमान न केवल लोगों की लाइफस्टाइल को प्रभावित कर रहा है, बल्कि गंभीर हेल्थ प्रॉब्लम भी पैदा कर रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर भारत समेत कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है और कुछ खास इलाकों में तापमान 47 डिग्री तक दर्ज किया गया है। ऐसे में अपने लिए सतर्कता और दूसरों के लिए सामूहिक जिम्मेदारी दोनों बेहद जरूरी हो जाते हैं।
भीषण गर्मी के लिए पीएम मोदी का संदेश (Photo - AI Image)
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे इस भीषण गर्मी, हीटवेव (Heatwave) के दौरान खुद के साथ-साथ दूसरों का भी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने लोगों से हाइड्रेटेड रहने, जरूरतमंदों की मदद करने और पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। यह संदेश केवल सावधानी का नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और मानवता का भी है। आइए विस्तार से जानते हैं गर्मी से बचाव के लिए प्रधानमंत्री के खास मैसेज के बारे में...
गर्मी क्यों बन रही है खतरनाक
भीषण गर्मी अब सिर्फ असहजता का कारण नहीं रही है, बल्कि यह गंभीर हेल्थ प्रॉब्लम का रूप लेती जा रही है। अत्यधिक तापमान शरीर की सामान्य कार्यप्रणाली को प्रभावित करता है। लंबे समय तक धूप में रहने से शरीर का तापमान तेजी से बढ़ता है और हीट एक्सॉशन या हीट स्ट्रोक जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं। इन दिनों देश में तापमान 45-47 डिग्री सेल्शियस तक पहुंच रहा है। ऐसे में विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और खुले में काम करने वाले लोग सबसे ज्यादा जोखिम में रहते हैं। मजदूर, डिलीवरी बॉय, ट्रैफिक पुलिसकर्मी और खेतों में काम करने वाले लोगों को इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
पानी की पूर्ति जरूर रखें
पीएम मोदी की सलाह के मुताबिक, गर्मी से बचाव का सबसे आसान और प्रभावी तरीका है शरीर में पानी की कमी न होने देना है। इस दौरान लगातार पसीना निकलने से शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी होने लगती है, जिससे कमजोरी, चक्कर और थकान महसूस हो सकती है। इन दिनों में एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि प्यास न लगने के बाद भी दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। इसके अलावा घर से बाहर निकलते समय पानी की बोतल अपने साथ जरूर रखें। ORS, नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ और फलों का रस भी इन दिनों में आपकी डाइट का हिस्सा जरूर होना चाहिए, ये आपके शरीर को ऊर्जा देने में मददगार साबित होते हैं।
प्रधानमंत्री ने भी लोगों से आग्रह किया है कि यदि संभव हो तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर दें। इस मौसम में छोटी-सी मदद भी किसी के लिए बड़ी राहत बन सकती है।
बुजुर्गों और बच्चों का रखें खास ध्यान
भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों और छोटे बच्चों पर पड़ता है। कई बार बुजुर्ग पर्याप्त पानी नहीं पीते, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में परिवार के लोगों की जिम्मेदारी है कि वे समय-समय पर उनका हालचाल पूछें और उन्हें पानी पीने की याद दिलाते रहें। प्रधानमंत्री ने भी लोगों से अपील की है कि वे अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य प्रियजनों को फोन कर उनका हाल जरूर पूछें। उन्हें दोपहर की धूप से बचने और अधिक आराम करने की सलाह दें।
पशु-पक्षियों को भी बनें सहारा
गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों पर भी पड़ता है। तेज धूप और सूखे वातावरण में उन्हें पानी मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में घर की बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। आजकल कई शहरों में लोग अपने घरों और दुकानों के बाहर मटके में पानी रख रहे हैं ताकि राहगीरों को पानी मिल सकें और गर्मी से राहत मिले। यह छोटी-सी पहल समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करती है।
