लाइफस्टाइल

Heatwave में पालतू जानवरों का कैसे रखें ख्याल, नोट करें Pets के लिए सेफ्टी टिप्स

गर्मी का मौसम सिर्फ इंसानों को ही नहीं बल्कि जानवरों को भी उतना ही परेशान करता है। ऐसे में यदि आप अपने पालतू जानवरों का ख्याल रखना चाहते हैं, तो आपको कुछ सेफ्टी टिप्स नोट करने चाहिए।

Image

हीटवेव में कैसे रखें पैट्स का ख्याल

Heatwave Pet Care Safety Tips: गर्मी का मौसम इंसानों के साथ-साथ पालतू जानवरों के लिए भी बेहद मुश्किल भरा हो सकता है। तेज धूप, बढ़ता तापमान और गर्म हवाएं Pets की सेहत पर गंभीर असर डाल सकती हैं। खासतौर पर हीटवेव के दौरान कुत्ते, बिल्ली, खरगोश और पक्षियों जैसे पालतू जानवर जल्दी डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का शिकार हो जाते हैं। क्योंकि जानवर के शरीर से इंसानों की तरह पसीना नहीं निकलता, इसलिए उनके शरीर का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में अपने पालतू जानवरों के प्रति आपकी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। आइए जानते हैं कुछ सेफ्टी टिप्स...

Heatwave में क्यों बढ़ जाता है खतरा

पालतू जानवरों के शरीर में तापमान नियंत्रित करने की क्षमता सीमित होती है। मुख्य रूप से कुत्ते हांफकर और बिल्लियां अपने पंजों के जरिए शरीर को ठंडा रखने की कोशिश करती हैं। लेकिन जब बाहर का तापमान बहुत ज्यादा हो, तो यह प्रक्रिया भरपूर कान नहीं कर पाती है। ऐसे में जानवरों को सांस लेने में दिक्कत, थकान, उल्टी, कमजोरी और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

छोटे बच्चे, बूढ़े और पहले से बीमार पालतू जानवरों को Heatwave में सबसे ज्यादा खतरा रहता है। इसके अलावा लंबे बालों वाले डॉग्स और बिल्लियां भी गर्मी ज्यादा महसूस करते हैं।

पानी की पूर्ति का ख्याल रखें

गर्मी में पालतू जानवरों के लिए सबसे जरूरी चीज पानी है। इसलिए उनके बर्तन में हमेशा साफ और ठंडा पानी भरा होना चाहिए। कोशिश करें कि दिन में 2-3 बार पानी बदलें ताकि वह ताजा बना रहे। यदि आपका पालतू बाहर खेलता है, तो घर के अलग-अलग कोनों में भी पानी के बाउल रखें। आप चाहें तो पानी में बर्फ के कुछ टुकड़े भी डाल सकते हैं। इससे पानी ज्यादा देर तक ठंडा रहेगा और जानवर को राहत मिलेगी।

धूप में बाहर न ले जाएं

हीटवेव के दौरान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तापमान सबसे ज्यादा होता है। तो खासतौर पर इस समय जानवरों को बाहर घुमाने से बचना चाहिए। यदि Dog Walk जरूरी हो, तो सुबह जल्दी या देर शाम का समय चुनें। गर्म सड़क और फुटपाथ जानवरों के पंजों को जला सकते हैं। बाहर निकलने से पहले अपने हाथ से सड़क छूकर तापमान जरूर जांच लें। यदि सड़क आपके लिए ज्यादा गर्म है, तो वह आपके Pet के लिए भी खतरनाक हो सकती है।

घर में ठंडी और हवादार जगह पर रखें

पालतू जानवरों को ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त हवा आती हो। यदि घर में AC या कूलर है, तो Pets को भी उसकी ठंडक मिलने दें। इसके अलावा फर्श पर गीला तौलिया बिछाना, कूलिंग मैट्स का इस्तेमाल करना या पंखे के सामने आरामदायक जगह बनाना भी फायदेमंद हो सकता है। पक्षियों के पिंजरे को कभी भी सीधी धूप में न रखें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article