लाइफस्टाइल

30 की उम्र के बाद जरूर शुरू कर दें ये 7 काम, नहीं पड़ेगा बाद में पछताना

Healthy Lifestyle Tips After 30: 30 की उम्र के बाद हर व्यक्ति के शरीर में कुछ बदलाव आने लगते हैं। ऐसे में खुद को जवां व हेल्दी रखने के लिए आपको कुछ कामों को जरूर शुरू कर देना चाहिए।

Image

30 के बाद जरूर बदलें अपनी लाइफस्टाइल

Healthy Lifestyle Tips After 30: 30 की उम्र के बाद शरीर और लाइफस्टाइल में कई बदलाव आने लगते हैं। मेटाबॉलिज्म थोड़ा स्लो हो जाता है, हड्डियों की ताकत धीरे-धीरे कम होने लगती है और स्ट्रेस भी बढ़ने लगता है। डॉक्टर्स के अनुसार, अगर ध्यान न दिया जाए तो कई गंभीर बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है।

सफदरजंग अस्पताल दिल्ली की पूर्व न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. प्रिया गुप्ता के अनुसार, अगर सही समय पर कुछ हेल्दी बदलाव कर लिए जाएं, तो आप लंबे समय तक फिट, एक्टिव और यंग रह सकते हैं। अच्छी बात ये है कि इसके लिए बड़े बदलाव नहीं, बल्कि रोज की छोटी-छोटी आदतों में सुधार ही काफी होता है। आइए जानते हैं वो 7 जरूरी काम, जो 30 के बाद हर व्यक्ति को जरूर करने चाहिए।

डाइट में फाइबर की मात्रा बढ़ाएं

30 के बाद डाइजेशन और हार्ट हेल्थ का ध्यान रखना बहुत जरूरी हो जाता है। ऐसे में फाइबर आपकी बॉडी के लिए बहुत फायदेमंद साबित होता है। फाइबर न सिर्फ पेट को सही रखता है, बल्कि हार्ट डिजीज, डायबिटीज और वजन बढ़ने के खतरे को भी कम करता है। रोजाना डाइट में फल, सब्जियां, दालें और होल ग्रेन्स शामिल करें। इससे आप ज्यादा देर तक फुल भी महसूस करेंगे और अनहेल्दी खाने की क्रेविंग भी कम होगी।

ओमेगा-3 फैटी एसिड को डाइट में शामिल करें

ओमेगा-3 आपके ब्रेन, हार्ट और स्किन के लिए बहुत जरूरी होता है। 30 के बाद ये और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है क्योंकि यह इंफ्लेमेशन कम करता है और एजिंग प्रोसेस को स्लो करता है। इसके लिए आप अखरोट, चिया सीड्स, अलसी के बीज और मछली जैसी चीजों को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इससे आपकी मेमोरी, मूड और ओवरऑल हेल्थ बेहतर बनी रहती है।

फड डाइट से दूरी बनाएं

अगर आपने 20s में जल्दी वजन कम करने के लिए तरह-तरह की डाइट ट्राई की हैं, तो अब उन्हें छोड़ने का समय है। फड डाइट्स से वजन जल्दी कम होता है लेकिन उतनी ही जल्दी वापस भी बढ़ जाता है, जिससे शरीर पर बुरा असर पड़ता है। 30 के बाद आपको एक बैलेंस्ड और सस्टेनेबल डाइट अपनानी चाहिए, जिसे आप लंबे समय तक फॉलो कर सकें।

शराब का सेवन कम करें

सोशल लाइफ में शराब आम बात है, लेकिन 30 के बाद इसका असर शरीर पर ज्यादा पड़ने लगता है। ज्यादा शराब पीने से लिवर, हार्ट और स्लीप साइकिल पर बुरा असर पड़ता है। साथ ही यह वजन बढ़ाने और कई बीमारियों का कारण भी बन सकती है। इस कारण कोशिश करें कि शराब का सेवन लिमिट में रखें या धीरे-धीरे कम कर दें।

प्रोसेस्ड फूड और मीट कम करें

प्रोसेस्ड मीट और पैकेज्ड फूड्स में ज्यादा नमक, प्रिजर्वेटिव और अनहेल्दी फैट होता है, जो कैंसर और हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ा सकता है। 30 के बाद इन चीजों से दूरी बनाना बेहतर होता है। इसके बजाय ताजा और घर का बना खाना खाएं, जिसमें पोषण भरपूर हो।

कैल्शियम और बोन हेल्थ पर ध्यान दें

30 की उम्र तक हड्डियों का विकास लगभग पूरा हो जाता है, इसके बाद बोन डेंसिटी धीरे-धीरे कम होने लगती है। इसलिए इस उम्र में कैल्शियम और विटामिन D बहुत जरूरी हो जाते हैं। दूध, दही, पनीर, हरी सब्जियां और बादाम जैसी चीजों को डाइट में शामिल करें। साथ ही हल्की एक्सरसाइज और सनलाइट भी जरूरी है।

ब्रेकफास्ट स्किप न करें और एक्टिव रहें

बहुत से लोग सुबह का नाश्ता छोड़ देते हैं, जो एक गलत आदत है। ब्रेकफास्ट स्किप करने से दिनभर कमजोरी, ज्यादा भूख और ओवरईटिंग की समस्या हो सकती है। सुबह हेल्दी ब्रेकफास्ट लें जिसमें प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट हो। इसके साथ ही रोजाना एक्सरसाइज करें, खासकर स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, ताकि मसल्स मजबूत रहें और मेटाबॉलिज्म एक्टिव बना रहे। 30 की उम्र के बाद ये छोटे-छोटे बदलाव आपकी लाइफ में बड़ा फर्क ला सकते हैं। अगर आप अभी से अपनी डाइट, एक्सरसाइज और लाइफस्टाइल पर ध्यान देंगे, तो आने वाले सालों में न सिर्फ बीमारियों से बचेंगे, बल्कि खुद को ज्यादा एनर्जेटिक और यंग भी महसूस करेंगे।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी प्रोफेशनल डाइटिशियन की सलाह पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article