लाइफस्टाइल

सूखे धनिए से मिलेगा हरा-भरा पौधा, नोट करें घर पर ही कांच के बर्तन में धनिया उगाने का तरीका

Dhaniya Ugane ka Tareeka: गर्मियों में ताजा धनिया मिलना अक्सर मुश्किल होता है। लेकिन आप इसे अपने घर के किचन में उगा सकते हैं और पूरे सीजन ताजी हरी धनिया का आनंद ले सकते हैं। यहां हम आपको बिना मिट्टी, सिर्फ पानी में धनिया उगाने का आसान तरीका बता रहे हैं, जो आपके किचन को साफ-सुथरा और हाइजीनिक भी रखेगा। जानें घर पर धनिया कैसे उगाएं।

Image

हरा धनिया उगाने का तरीका

How to Grow Coriander at Home: हरे धनिया का इस्तेमाल हर घर में खाना बनाने में खूब होता है, क्योंकि यह खाने में फ्लेवर को बढ़ाता है। लेकिन गर्मियों में ताजा धनिया खरीदना और उसे स्टोर करना उतना ही मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अगर आप इसे घर पर उगाना चाहते हैं, तो हमेशा ताजी पत्तियां आपके हाथ में रहती हैं। यह तरीका न सिर्फ सस्ता है, बल्कि केमिकल-फ्री भी है। अक्सर लोग सोचते हैं कि धनिया उगाने के लिए मिट्टी जरूरी है, लेकिन ऐसा नहीं है। हरे धनिया को बिना मिट्टी, सिर्फ पानी के इस्तेमाल से भी उगाया जा सकता है। इसके लिए बस सही तरीके को अपनाना जरूरी है। और फिर आपको 15 दिनों से भी कम समय में ताजा धनिया इस्तेमाल करने को मिलेगा ।

घर पर धनिया उगाने के लिए क्या चाहिए होगा

  • धनिया के बीज
  • एक कांच का जार, कटोरा या कंटेनर
  • साफ पीने का पानी
  • जाली/कपड़ा या छेद वाला ढक्कन
  • हल्की धूप (किचन की खिड़की सबसे अच्छी जगह है)

घर पर हरा धनिया कैसे उगाएं

1.बीज कैसे तैयार करें

धनिया के बीज असल में दो हिस्सों में जुड़े होते हैं। इन्हें हल्के से हथेलियों के बीच दबाकर अलग करें। ध्यान रखें, ज्यादा जोर न लगाएं। अलग किए हुए बीजों को गुनगुने पानी में 12–24 घंटे भिगो दें। इससे बीज का बाहरी खोल नरम हो जाता है और अंकुरण शुरू हो जाता है। इसके बाद पानी निकाल दें।

2.सही बर्तन का चुनाव है जरूरी

चौड़े मुंह वाला जार, कटोरा या कांच का कंटेनर लें और अच्छी तरह धो लें। पारदर्शी कंटेनर होने से जड़ों की बढ़त दिखाई देती है। फिर जार को आधा साफ पानी से भरें। आप फिल्टर किया हुआ या उबला-ठंडा किया हुआ पानी भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

3.बीज ऊपर रखें

जार के ऊपर जाली या कपड़ा रखें और उस पर भीगे हुए बीज को फैलाएं। बीज हल्के से पानी को छूते रहें ताकि उन्हें नमी मिलती रहे। अब जार को ऐसी जगह रखें जहां हल्की सुबह की धूप आती हो। पर इसे तेज दोपहर की धूप से बचाएं।

4.अंकुर निकलना शुरू हो जाएगा

आपको 3–5 दिनों में छोटे सफेद अंकुर दिखाई देने लगेंगे। बीजों को हल्का-सा पानी का स्प्रे करके नम रखें। हर 2 दिन में पानी बदलें ताकि सफाई बनी रहे।

5. हाइड्रोपोनिक सेटअप में ट्रांसफर करें

जब जड़ें लंबी हों और पत्तियां निकलने लगें, तब अंकुरित बीजों को एक ऐसे कंटेनर में रखें जिसमें जाली वाला ढक्कन हो। पर ध्यान रखें कि जड़ें पानी में रहें और पत्तियां पानी के ऊपर बाहर रहें।

6.पानी की देखभाल

हर 2–3 दिन में पानी बढ़ाएं और हफ्ते में दो बार पूरा पानी बदलें। चाहें तो आप 10–12 दिन में थोड़ा ऑर्गेनिक लिक्विड फर्टिलाइजर भी डाल सकते हैं। इससे धनिए की ग्रोथ तेजी से होती है।

7.कटाई (हार्वेस्ट)

जब पौधा 4–5 इंच का हो जाए, तब पत्तियां काट दें। हमेशा पत्तियों को ऊपर से काटें ताकि पौधा और घना रहे । ध्यान रखें कि एक बार में पौधे का एक-तिहाई से ज्यादा हिस्सा न काटें।

यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article