Garba Fusion Outfits: नवरात्रि का मौसम हो और गरबा-डांडिया की धूम न हो, ऐसा कैसे हो सकता है! रंग-बिरंगे कपड़े, झिलमिलाते गहने, पैरों में छनकती पायल और ढोल की थाप पर घूमते कदम, गरबा नाइट का हर पल खास होता है। लेकिन जब बात तैयार होने की आती है, तो सबसे पहले दिमाग में चनिया-चोली का ख्याल आता है। अगर आपके पास पारंपरिक गुजराती ड्रेस नहीं है या आप हर बार एक जैसा लुक अपनाकर बोर हो गई हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। इस बार अपने वॉर्डरोब में मौजूद कपड़ों से ही ऐसा फ्यूजन लुक तैयार कर सकती हैं, जो स्टाइलिश भी होगा और गरबा के रंग में भी पूरी तरह रंगा नजर आएगा। आइए जानते हैं ऐसे 5 फ्यूजन आउटफिट्स (Garba Outfit Ideas) जिन्हें आप इस नवरात्रि जरूर ट्राई कर सकती हैं।
गरवा के लिए शानदार आउटफिट आइडिया (Photo - Pinterest)
ऐसे मिलेगा ट्रेडिशनल लुक
अगर आप चनिया-चोली का विकल्प तलाश रही हैं, तो लॉन्ग फ्लेयर्ड स्कर्ट और क्रॉप टॉप का कॉम्बिनेशन बेहतरीन रहेगा। अपनी अलमारी से कोई भी घेरदार स्कर्ट निकालें और उसके साथ एंब्रॉयडर्ड, मिरर वर्क या प्लेन क्रॉप टॉप पहनें। स्कर्ट पर हल्का-सा घेरा हो, तो घूमते समय आपका लुक और भी खूबसूरत लगेगा। इसके साथ ऑक्सीडाइज्ड झुमके, चूड़ियां और जूती पहनकर अपने अंदाज में गुजराती टच जोड़ सकती हैं।
स्टाइलिश लुक के आइडियाज
गरबा नाइट में कुछ अलग पहनना चाहती हैं, तो धोती पैंट के साथ शॉर्ट कुर्ती ट्राई करें। यह आउटफिट पारंपरिक और मॉडर्न स्टाइल का शानदार मेल है। रंगों के चुनाव में लाल, पीला, हरा, रानी पिंक या रॉयल ब्लू जैसे रंगों को प्राथमिकता दे सकती हैं। कुर्ती पर गोटा-पट्टी या मिरर वर्क हो, तो लुक में फेस्टिव चमक आ जाएगी। इसके साथ झुमके, चूड़ियां और एम्बेलिश्ड जूती पहनें। यह स्टाइल उन लोगों के लिए भी अच्छा विकल्प है, जो गरबा करते समय आरामदायक कपड़े पहनना पसंद करते हैं।
अनारकली सूट के साथ जोड़ें गरबा वाला ट्विस्ट
अगर आपके पास कोई खूबसूरत अनारकली सूट है, तो उसे सिर्फ शादी या त्योहारों तक सीमित न रखें। गरबा नाइट में भी इसे नए अंदाज में स्टाइल किया जा सकता है। फ्लेयर्ड अनारकली के साथ कंट्रास्ट दुपट्टा लें और उसे गुजराती स्टाइल में एक कंधे पर पिन करें। कमर पर पतली एथनिक बेल्ट लगाकर आउटफिट को नया लुक दिया जा सकता है। बड़े झुमके, माथापट्टी और रंगीन चूड़ियां इस लुक को और आकर्षक बनाएंगी।
जींस और कुर्ती का परफेक्ट कॉम्बिनेशन
हर बार एथनिक स्कर्ट या लहंगा पहनना जरूरी नहीं है। आप चाहें तो अपनी पसंदीदा जींस के साथ शॉर्ट कुर्ती या पेपलम टॉप पहनकर भी गरबा रेडी हो सकती हैं। खासतौर पर फ्लेयर्ड स्लीव्स, कढ़ाई या मिरर वर्क वाली कुर्ती इस लुक को फेस्टिव बना सकती है। इसके साथ कमर पर बांधा गया रंगीन दुपट्टा या प्रिंटेड स्टोल आपके आउटफिट में गुजराती रंग भर देगा। चंकी नेकपीस और जूतियों के साथ यह सिंपल कॉम्बिनेशन भी खास नजर आएगा।
प्लाजो और एथनिक जैकेट से बनेगा परफेक्ट लुक
अगर आप भीड़ से हटकर दिखना चाहती हैं, तो पलाजो पैंट के साथ स्लीवलेस टॉप और एथनिक जैकेट पहन सकती हैं। मिरर वर्क, कच्छी कढ़ाई या रंगीन धागों वाली जैकेट आपके साधारण आउटफिट को गरबा स्पेशल बना सकती है। चाहें तो इसके साथ ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी, चांदबाली और रंगीन बैंगल्स पहनें। यह लुक खासतौर पर उन लोगों के लिए अच्छा है, जो पारंपरिक कपड़ों से थोड़ा हटकर मॉडर्न और स्टेटमेंट स्टाइल पसंद करते हैं।
