DIY Rice & Beetroot Soap: अगर आप महंगी बॉडी पॉलिशिंग, डी-टैन क्रीम और स्किन ब्राइटनिंग प्रोडक्ट्स की जगह घरेलू नुस्खे (DIY) ढूंढ रहे हैं तो एक वायरल रेसिपी यहां पढ़ सकते हैं। Rice & Beetroot Soap इन दिनों इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह साबुन शरीर की टैनिंग कम करके त्वचा को साफ, मुलायम और चमकदार बना सकता है।
घर पर बनाएं टैन हटाने का तरीका
इस नुस्खे को आयुर्वेदिक डॉक्टर डॉ. शोभना ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है। वह नेचुरल स्किन केयर DIY के लिए जानी जाती हैं और उन्हें दो लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
लेकिन सवाल यह है कि क्या यह साबुन सचमुच त्वचा का रंग साफ कर सकता है? क्या इसे घर पर बनाना पूरी तरह सुरक्षित है? आइए जानते हैं इस वायरल नुस्खे का सच और इसे प्रयोग में जाने से जुड़ी जरूरी सावधानियां।
घर पर कैसे तैयार करें डॉ. शोभना का DIY Rice & Beetroot Soap
डॉ. शोभना के अनुसार इस साबुन को घर में मौजूद सामान्य सामग्रियों से आसानी से तैयार किया जा सकता है।
आवश्यक सामग्री
- 4 कटोरी चावल का आटा
- आधी कटोरी कॉर्न फ्लोर
- आधी कटोरी सफेद चीनी का पाउडर
- 1 सौम्य ग्लिसरीन साबुन (कद्दूकस किया हुआ)
- 4 चम्मच गुलाब जल
- 4 चम्मच ताजा चुकंदर का रस
- 2 छोटे चम्मच ऑलिव ऑयल
- 2 छोटे चम्मच बादाम का तेल
ऐसे बनाएं सोप बॉल्स
- सबसे पहले चावल का आटा, कॉर्न फ्लोर और चीनी पाउडर को अच्छी तरह मिला लें।।
- अब चुकंदर का रस, गुलाब जल, ऑलिव ऑयल और बादाम का तेल मिलाकर मिश्रण को अच्छी तरह गूंथ लें। जब यह एकसार हो जाए, तब इसकी छोटी-छोटी बॉल्स बना लें या किसी मोल्ड में भरकर मनचाही शेप दें।
- इन्हें कुछ समय तक सूखने दें। फिर कद्दूकस किए हुए ग्लिसरीन साबुन के टुकड़ों पर घुमा दें। इसके बाद इन्हें बॉडी सोप की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मानसून में पुदीना क्यों खाने से मना करते हैं बड़े-बुजुर्ग
DIY Rice & Beetroot Soap त्वचा पर कैसे असर करता है
इस रेसिपी में इस्तेमाल की गई हर सामग्री का अपना अलग रोल है। हालांकि इनके फायदे जितने हैं, कुछ सीमाएं भी हैं।
1. चावल का आटा और चीनी
ये दोनों चीजें त्वचा के लिए नेचुरल एक्सफोलिएटर की तरह काम करती हैं। इनकी मदद से त्वचा पर जमी डेड स्किन हटाई जा सकती है, जिससे यह कुछ समय के लिए ज्यादा साफ और स्मूद महसूस हो सकती है।
हालांकि अगर इन्हें जोर से रगड़ा जाए तो संवेदनशील त्वचा पर बारीक खरोंच (Micro Tears) भी पड़ सकती हैं। इसलिए हल्के हाथों से ही इस्तेमाल करें।
2. ऑलिव ऑयल और बादाम का तेल
इन दोनों ही तेल को विटामिन-E और हेल्दी फैटी एसिड से भरपूर बताया जाता है जो त्वचा की नमी बनाए रखते हैं। इससे त्वचा को मुलायम बनाने में मदद मिलती है।
लेकिन जिन लोगों की त्वचा बहुत ऑयली है या बार-बार बॉडी एक्ने होते हैं तो उन्हें इन तेलों को लगाने से बचना चाहिए।
3. चुकंदर का रस
चुकंदर में एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन-C जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह साबुन को प्राकृतिक गुलाबी रंग भी देता है और चुकंदर का प्रयोग ब्यूटी प्रोडक्ट्स में लंबे समय से किया भी जा रहा है।
हालांकि यहां गौर करने वाली बात ये है कि इस रेसिपी में चुकंदर का ताजा रस यूज किया गया है। ऐसे में अगर साबुन सही तरीके से स्टोर न किया जाए तो उसमें बैक्टीरिया या फंगस हो सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: घंटों कुर्सी पर बैठे रहते हैं तो बढ़ सकता है कैंसर का खतरा
जो चीजें इस रेसिपी के बारे में आपको जाननी चाहिए
1. इसमें कोई प्रिजर्वेटिव नहीं है
इस साबुन में चुकंदर का ताजा रस और गुलाब जल तो मिलाया गया है। लेकिन इसमें कोई प्रिजर्वेटिव नहीं है। यही वजह है कि इसे लंबे समय तक रूम टेम्चरेचर पर रखना सेफ नहीं है। नमी और पानी से बैक्टीरिया व फंगस की ग्रोथ बढ़ सकती है।
इसलिए हमारी सलाह कि इस साबुन को फ्रिज में रखें और एक बार बनाने के बाद 7–10 दिनों के अंदर इनको यूज करें। अगर इनके रंग, गंध या बनावट में बदलाव दिखे तो इसका उपयोग न करें।
2. क्या इससे सच में टैनिंग खत्म हो जाएगी
ध्यान दें कि असल में कोई भी घरेलू साबुन आपकी त्वचा का प्राकृतिक रंग या मेलेनिन नहीं बदल सकता। यह साबुन डेड स्किन और जमा हुई गंदगी हटाने में मदद कर सकता है, जिससे त्वचा पहले की तुलना में ज्यादा साफ और ब्राइट दिखाई दे सकती है।
अगर धूप की वजह से हल्की टैनिंग हुई है तो नियमित एक्सफोलिएशन से उसमें कुछ सुधार दिख सकता है, लेकिन इसे परमानेंट स्किन व्हाइटनिंग के विकल्प के तौर पर ना लें।
इस्तेमाल करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- पैच टेस्ट जरूर करें : साबुन को सीधे पूरे शरीर पर लगाने से पहले हाथ के अंदरूनी हिस्से या कान के पीछे लगाकर 24 घंटे तक देखें। अगर खुजली, जलन या लालिमा दिखे तो इसका इस्तेमाल न करें।
- चेहरे पर इस्तेमाल करने से बचें: चेहरे की त्वचा शरीर की तुलना में कहीं ज्यादा संवेदनशील होती है। चावल का आटा और चीनी चेहरे पर ज्यादा रगड़ने से नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए इसे चेहरे पर लगाने से बचें और बॉडी सोप के तौर पर यूज करें।
- अगर त्वचा पर घाव या एलर्जी है तो न लगाएं: यदि आपको एक्जिमा, सोरायसिस, एक्टिव स्किन इंफेक्शन या त्वचा पर कट या घाव है, तो इस तरह के DIY साबुन का उपयोग करने से बचें। इसकी जगह डर्मेटॉलजिस्ट की सलाह लेकर अपने लिए प्रोडक्ट्स चुनें।
कुल मिलाकर डॉ. शोभना का यह DIY Rice & Beetroot Soap त्वचा को एक्सफोलिएट करने और नमी देने वाला एक अच्छा घरेलू नुस्खा है। इसमें मौजूद चावल का आटा, ग्लिसरीन, गुलाब जल, ऑलिव ऑयल और बादाम का तेल त्वचा को साफ और मुलायम महसूस कराने में मदद कर सकते हैं। हालांकि इसे केवल बॉडी क्लीनर के तौर पर ही यूज करें। स्वस्थ त्वचा के लिए एक्सपर्ट की सलाह से नियमित सनस्क्रीन लगाएं और प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें।
