लाइफस्टाइल

कच्चे कद्दू का स्वादिष्ट हलवा: बदलते मौसम में इम्यूनिटी बढ़ाएगी शेफ रणवीर ब्रार की यह खास रेसिपी

कद्दू को आमतौर पर लोग सामान्य सब्जी मानते हैं, लेकिन शेफ रणवीर ब्रार की यह रेसिपी कद्दू को एक शानदार और पौष्टिक डेजर्ट में बदल देती है।

Image

शेफ रणवीर ब्रार की कद्दू हलवा रेसिपी बढ़ाएगी इम्युनिटी (Photo: Ranveer Brar Instagram)

त्योहारी सीजन के साथ ही मौसम में भी बदलाव होने लगा है, ऐसे में ठंड की हल्की आहट के साथ सेहत का ख्याल रखना भी बेहद जरूरी हो जाता है। इस बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम और कमजोर इम्यूनिटी की चिंता सताने लगती है, साथ ही कुछ मीठा खाने का मन भी करता है। जाने-माने सेलिब्रिटी शेफ और मास्टरशेफ इंडिया के जज रणवीर ब्रार ने इंस्टाग्राम पर एक ऐसी बेहतरीन रेसिपी शेयर की है जो आपकी इन दोनों जरूरतों को पूरा करती है। यह है कच्चे कद्दू का स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक हलवा, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है।

कच्चे कद्दू के हलवे की खासियत

कद्दू को आमतौर पर लोग सामान्य सब्जी मानते हैं, लेकिन शेफ रणवीर ब्रार की यह रेसिपी कद्दू को एक शानदार और पौष्टिक डेजर्ट में बदल देती है। इस रेसिपी में हल्दी और अदरक जैसी इम्युनिटी बढ़ाने वाली नेचुरल चीजों का इस्तेमाल किया जाता है, जो बदलते मौसम में शरीर को अंदर से मजबूत बनाती हैं। इसे बनाने में कुल 50 से 60 मिनट का समय लगता है, जिसमें 15 मिनट की तैयारी और करीब 40-45 मिनट पकाने का समय शामिल है।

जरूरी सामग्री

इस आसान हलवे को बनाने के लिए आपको निम्नलिखित चीजों की आवश्यकता होगी:

⅓ कप घी

3-4 लौंग

1 हरी इलायची

डेढ़ किलो कच्चा सफेद कद्दू (कद्दूकस किया हुआ)

150 ग्राम ताजी कच्ची हल्दी (कद्दूकस की हुई)

1 कप गुड़

एक चुटकी नमक

आधा छोटा चम्मच कुटी हुई काली मिर्च

¼ छोटा चम्मच सोंठ पाउडर (सूखी अदरक का पाउडर)

कटे हुए पिस्ता (गार्निशिंग के लिए)

बनाने की आसान विधि

सबसे पहले कच्चे सफेद कद्दू का छिलका उतारकर उसे टुकड़ों में काट लें और बीच के बीज निकाल दें। अब इसे कद्दूकस करके एक तरफ रख लें। इसी तरह ताजी कच्ची हल्दी का छिलका उतारकर उसे भी कद्दूकस कर लें।

अब एक कढ़ाई में घी गर्म करें। घी पिघलने पर उसमें लौंग और हरी इलायची डालें। इसके तुरंत बाद कद्दूकस किया हुआ सफेद कद्दू और कद्दूकस की हुई कच्ची हल्दी डालें। इस मिश्रण को लगातार चलाते हुए करीब 25 से 30 मिनट तक मध्यम आंच पर भूनें।

जब कद्दू अच्छी तरह पक जाए, तब कड़ाही में गुड़ डालें और लगातार चलाते रहें। इसके बाद इसमें एक चुटकी नमक, कुटी हुई काली मिर्च और सोंठ पाउडर मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलने तक 10 से 12 मिनट के लिए और पकाएं जब तक कि यह हलवे के रूप में गाढ़ा न हो जाए। अब आंच बंद कर दें और हलवे को थोड़ा ठंडा होने दें।

कच्चे कद्दू का यह गर्मागरम और सेहतमंद हलवा बनकर तैयार है। इसे एक बाउल में निकालें और ऊपर से कटे हुए पिस्ता से सजाकर परिवार के साथ इसका आनंद लें।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article