Carpet Buying Tips: घर के लिए कालीन खरीदें तो इन बातों का जरूर रखें ध्यान, नहीं होगा नुकसान

Carpet Buying Tips: कालीन खरीदते समय सिर्फ उसकी कीमत न देखें। यह भी पता करें कि उसे साफ कैसे करना है, क्या वह घर पर धुल सकता है या प्रोफेशनल क्लीनिंग की जरूरत पड़ेगी।

Carpet Buying Tips in Hindi: घर की सजावट में कई बार एक छोटी सी चीज पूरा माहौल बदल देती है। ऐसा ही एक सामान है कालीन। ड्राइंग रूम में बिछा खूबसूरत कालीन न सिर्फ फर्श को आकर्षक बनाता है, बल्कि कमरे को गर्माहट और एक अलग पहचान भी देता है। सर्दियों में तो इसकी जरूरत और बढ़ जाती है।

Carpet Buying Tips

Carpet Buying Tips: घर के लिए कालीन खरीदें तो इन बातों का जरूर रखें ध्यान (Photo: iStock)

बाजार में कालीन के इतने रंग, डिजाइन, आकार और फैब्रिक मौजूद हैं कि सही विकल्प चुनना आसान नहीं होता। कई बार हम सिर्फ उसका रंग और डिजाइन देखकर खरीद लेते हैं, जबकि कालीन खरीदते समय कुछ दूसरी बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है। आइए जानते हैं कि कौन सी वो बातें हैं जिनका ध्यान रखना बहुत जरूरी है:

सबसे पहले तय करें कालीन कहां बिछाना है

कालीन खरीदने से पहले यह तय करें कि उसे किस कमरे में इस्तेमाल करना है। ड्राइंग रूम, बेडरूम, डाइनिंग एरिया और गलियारे की जरूरत अलग-अलग होती है। जहां लोगों की आवाजाही ज्यादा रहती है, वहां मजबूत और आसानी से साफ होने वाला कालीन बेहतर रहता है। वहीं बेडरूम के लिए मुलायम और आरामदायक कालीन चुना जा सकता है।

आकार का रखें खास ध्यान

कालीन का आकार कमरे के हिसाब से होना चाहिए। बहुत छोटा कालीन बड़े कमरे में बिखरा हुआ लग सकता है, जबकि जरूरत से ज्यादा बड़ा कालीन कमरे को भरा-भरा दिखा सकता है। लिविंग रूम में कोशिश करें कि सोफे के आगे के पैर कालीन पर आ जाएं। डाइनिंग टेबल के नीचे कालीन बिछा रहे हैं तो उसका आकार इतना हो कि कुर्सियां पीछे खींचने पर भी कालीन के ऊपर रहें। खरीदारी से पहले फर्श की नाप जरूर ले लें।

फैब्रिक चुनते समय न करें जल्दबाजी

कालीन ऊन, कॉटन, जूट, सिल्क और सिंथेटिक फाइबर जैसे कई मटेरियल में मिलते हैं। ऊनी कालीन मुलायम और टिकाऊ होते हैं, लेकिन उनकी कीमत ज्यादा हो सकती है। कॉटन के कालीन हल्के होते हैं और साफ करना अपेक्षाकृत आसान रहता है। जूट के कालीन प्राकृतिक लुक देते हैं, जबकि पॉलिएस्टर और पॉलीप्रोपाइलीन जैसे सिंथेटिक विकल्प बजट के अनुकूल और देखभाल में आसान हो सकते हैं। इसलिए फैब्रिक का चुनाव अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से करें।

रंग और डिजाइन का तालमेल देखें

कालीन का रंग कमरे की दीवारों, पर्दों और फर्नीचर से मेल खाना चाहिए। अगर कमरे में पहले से ही रंग-बिरंगे पर्दे या डिजाइन वाले सोफे हैं, तो हल्के रंग और साधारण पैटर्न वाला कालीन चुनें। वहीं सादे फर्नीचर वाले कमरे में रंगीन या आकर्षक डिजाइन का कालीन अच्छा दिख सकता है। हल्के रंग कमरे को खुला और बड़ा दिखाने में मदद करते हैं, जबकि गहरे रंगों पर दाग अपेक्षाकृत कम नजर आते हैं।

घर में बच्चे या पालतू जानवर हैं तो..

अगर घर में छोटे बच्चे या पालतू जानवर हैं, तो कालीन खरीदते समय सफाई को प्राथमिकता दें। ऐसा कालीन चुनें जिस पर दाग आसानी से साफ हो जाएं और जिसके रेशों में बाल या धूल ज्यादा न फंसे। मशीन से धुलने योग्य कालीन भी अच्छा विकल्प हो सकते हैं। बहुत हल्के रंग या बेहद नाजुक फैब्रिक ऐसे घरों में परेशानी बढ़ा सकते हैं।

फिसलने और किनारों का भी रखें ध्यान

कालीन का पिछला हिस्सा यानी बैकिंग जरूर जांचें। वह मजबूत हो और फर्श पर ठीक से टिका रहे। चिकने फर्श पर कालीन के नीचे नॉन-स्लिप मैट या रग पैड बिछाना बेहतर है। इससे कालीन खिसकने का खतरा कम होता है। इसके अलावा किनारों की सिलाई, धागों की मजबूती और फिनिशिंग भी देख लें। कहीं से धागे निकले हुए हों या किनारे उधड़ रहे हों तो उसे न खरीदें।

कीमत के साथ रखरखाव भी समझें

कालीन खरीदते समय सिर्फ उसकी कीमत न देखें। यह भी पता करें कि उसे साफ कैसे करना है, क्या वह घर पर धुल सकता है या प्रोफेशनल क्लीनिंग की जरूरत पड़ेगी। महंगा कालीन हमेशा आपकी जरूरत के हिसाब से बेहतर हो, यह जरूरी नहीं। सही कालीन वही है जो कमरे की सुंदरता बढ़ाने के साथ आपकी जीवनशैली, बजट और देखभाल की सुविधा के अनुकूल हो।

End Article
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्...

End of Feed