Capsule Wardrobe: ये बात तो बहुत आम है कि महिलाओं की अलमारी कपड़ों से भरी रहती है, लेकिन किसी खास मौके पर तैयार होते समय यही सवाल सामने आता है कि आखिर पहनें क्या? ऑफिस जाना हो, दोस्तों के साथ बाहर निकलना हो या किसी शादी और त्योहार में शामिल होना हो, हर मौके के लिए अलग कपड़े खरीदना जरूरी नहीं है। फैशन की दुनिया में इसका एक दिलचस्प तरीका है कैप्सूल वॉर्डरोब। इसका मतलब है कुछ ऐसे चुनिंदा कपड़े रखना, जिन्हें आप अलग-अलग तरीकों से मिलाकर कई तरह के आउटफिट तैयार कर सकें।
क्यों तेजी से फैल रहा कैप्सूल वार्डरोब का कॉन्सेप्ट (Photo: iStock)
कैप्सूल वॉर्डरोब का कॉन्सेप्ट कम कपड़ों में ज्यादा ऑपशन्स तैयार करने पर आधारित है। हालांकि भारतीय महिलाओं के लिए इसे अपनाते समय यहां के मौसम, पहनावे और सामाजिक अवसरों को ध्यान में रखना जरूरी है।
भारतीय मौसम के हिसाब से चुनें कपड़े
भारत में मौसम तेजी से बदलता है। सुबह हल्की ठंड हो सकती है, दोपहर में गर्मी और उमस परेशान कर सकती है। ऐसे में कैप्सूल वॉर्डरोब बनाते समय कपड़ों के फैब्रिक पर खास ध्यान देना चाहिए। कॉटन, हल्के फैब्रिक और आसानी से संभाले जा सकने वाले कपड़े रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए अच्छे विकल्प हैं।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ऐसे कपड़े चुनने चाहिए जिन्हें काम, यात्रा और रोजमर्रा की भागदौड़ के दौरान आसानी से पहना जा सके। मौसम के हिसाब से कपड़ों का चुनाव करने से उनकी उपयोगिता भी बढ़ती है।
ऑफिस से त्योहार तक काम आएं एक ही कपड़े
भारतीय महिलाओं की दिनचर्या में कई तरह के मौके आते हैं। सुबह ऑफिस जाना, शाम को दोस्तों से मिलना, परिवार के साथ किसी समारोह में शामिल होना और त्योहारों पर पारंपरिक कपड़े पहनना। ऐसे में केवल वेस्टर्न या केवल एथनिक कपड़ों से काम नहीं चलता।
इसके लिए कुछ बेसिक कपड़े रखें, जिन्हें अलग-अलग तरीकों से स्टाइल किया जा सके। उदाहरण के लिए, एक अच्छी फिटिंग वाला कुर्ता ऑफिस में ट्राउजर के साथ पहना जा सकता है। वही कुर्ता त्योहार पर दुपट्टे, झुमकों और पारंपरिक फुटवियर के साथ नया लुक दे सकता है। इसी तरह सादा ब्लाउज, अच्छी फिटिंग वाली पैंट और एक बहुउपयोगी जैकेट भी कई आउटफिट का हिस्सा बन सकती है।
न्यूट्रल रंगों के साथ दिखाएं अपना अंदाज
कैप्सूल वॉर्डरोब में काले, सफेद, बेज, ग्रे और नेवी ब्लू जैसे न्यूट्रल रंगों को आधार बनाया जा सकता है। इन रंगों के कपड़े आसानी से एक-दूसरे के साथ मेल खाते हैं। इसके साथ कुछ चमकीले रंगों वाले कपड़े या स्टेटमेंट पीस रखे जा सकते हैं। स्कार्फ, दुपट्टा, बेल्ट, ज्वेलरी और फुटवियर की मदद से एक ही आउटफिट को अलग-अलग लुक दिया जा सकता है।
नई खरीदारी से पहले अलमारी को समझें
कैप्सूल वॉर्डरोब बनाने का मतलब यह नहीं है कि आप अपनी पूरी अलमारी बदल दें या महंगे बेसिक कपड़ों पर पैसे खर्च करें। शुरुआत उन कपड़ों से करें जिन्हें आप सबसे ज्यादा पहनती हैं। देखें कि कौन से कपड़े बार-बार काम आते हैं और किन चीजों की कमी महसूस होती है। इसके बाद ही नई खरीदारी करें।
आखिर कैप्सूल वॉर्डरोब का असली मकसद अपनी अलमारी में मौजूद हर कपड़े का बेहतर इस्तेमाल करना है। जरूरी यह है कि कपड़े आपके व्यक्तित्व, मौसम और रोजमर्रा की जरूरतों के मुताबिक हों।
