Beauty Fact: केला खाने के बाद उसका छिलका आमतौर पर हम कूड़ेदान में फेंक देते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर इन दिनों इसका एक और विकल्प छाया हुआ है। एक दिलचस्प ब्यूटी हैक काफी चर्चा में है। इसी के चलते लोग केले के छिलके को चेहरे पर रगड़ते हुए वीडियो शेयर कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि इससे त्वचा में चमक आती है। ये भी बताया जा रहा है कि इसे लगाने से दाग-धब्बे हल्के होते हैं और यहां तक कि झुर्रियां भी कम नजर आने लगती हैं।
चेहरे पर केले का छिलका लगाएं या नहीं
ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या सचमुच केले का छिलका त्वचा के लिए इतना फायदेमंद है या फिर यह सिर्फ एक और वायरल ट्रेंड है। ब्यूटी फैक्ट में आज इसी की पड़ताल।
केले का छिलका खास क्यों है
केले के छिलके के फायदे आज से नहीं, लंबे समय से बताए जाते रहे हैं। यह बात सही है कि केले के छिलके में कई तरह के प्राकृतिक तत्व मौजूद होते हैं। केले के छिलके में एंटीऑक्सीडेंट्स, पोटैशियम समेत कुछ और ऐसे गुण भी पाए जाते हैं जो त्वचा को नमी देने में मदद कर सकते हैं। यही वजह है कि कई लोग इसे घरेलू स्किन केयर का हिस्सा बनाते हैं।
हालांकि यहां यह समझना जरूरी है कि केले का छिलका कोई जादुई उपचार नहीं है। यह त्वचा की सामान्य देखभाल में सहायक हो सकता है, लेकिन किसी मेडिकल ट्रीटमेंट की जगह नहीं ले सकता।
क्या केले का छिलका लगाने से चेहरे पर निखार आता है
जो लोग केले के छिलके का इस्तेमाल करते हैं, वे अक्सर बताते हैं कि इसे लगाने के बाद त्वचा थोड़ी मुलायम और फ्रेश महसूस होती है। इसकी एक वजह यह हो सकती है कि छिलके की अंदरूनी परत त्वचा को कुछ समय के लिए नमी प्रदान करती है।
जब त्वचा अच्छी तरह हाइड्रेटेड रहती है तो वह स्वाभाविक रूप से अधिक चमकदार दिखाई देती है। शायद यही कारण है कि बहुत से लोगों को इसे लगाने के बाद चेहरे पर हल्का ग्लो महसूस होता है।
क्या केले का छिलका लगाने से चेहरे के दाग-धब्बे दूर होते हैं
केले के छिलके को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसके कथित दाग-धब्बे कम करने वाले गुणों की होती है। कई घरेलू नुस्खों में इसे टैनिंग और हल्के डार्क स्पॉट्स पर लगाने की सलाह दी जाती है।
माना जाता है कि इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में भूमिका निभाते हैं। यही वजह है कि कुछ लोगों को केले का छिलका लंबे समय तक लगाते रहने त्वचा की रंगत में मामूली सुधार महसूस होता है। हालांकि कोई भी मेडिकल रिसर्च इसका दावा नहीं करती है।
क्या केले का छिलका 'नेचुरल बोटॉक्स' है
सोशल मीडिया पर केले के छिलके को कई बार 'नेचुरल बोटॉक्स' बताया जाता है। लेकिन ब्यूटी एक्सपर्ट बताते हैं कि कोई भी घरेलू उपाय बोटॉक्स जैसा परिणाम नहीं दे सकता। हां, यदि त्वचा को पर्याप्त नमी मिलती है तो वह थोड़ी अधिक स्मूद दिख सकती है और फाइन लाइन्स कुछ समय के लिए कम नजर आ सकती हैं। लेकिन उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को रोकना सिर्फ केले के छिलके के बस की बात नहीं है।
केले का छिलका पिंपल्स वाली त्वचा के लिए कितना उपयोगी है
अगर चेहरे पर मुंहासे हैं, इनमें हल्की लालिमा या जलन है तो केले के छिलके का ठंडा और नम प्रभाव कुछ राहत दे सकता है। यही वजह है कि कई लोग इसे त्वचा की जलन को शांत करने के लिए भी इस्तेमाल करते हैं।
लेकिन यदि आपको बार-बार एक्ने होते हैं या त्वचा संबंधी कोई गंभीर समस्या है तो घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहने के बजाय विशेषज्ञ की सलाह लेना ज्यादा समझदारी होगी। इस मामले में केले का छिलका कारगर नहीं साबित होता है।
केले का छिलका चेहरे पर कैसे लगाएं
अगर आप इस ब्यूटी हैक को आजमाना चाहते हैं तो ताजे केले का छिलका लें और उसके अंदरूनी हिस्से को साफ चेहरे पर 5 से 10 मिनट तक हल्के हाथों से रगड़ें। इसके बाद चेहरा सामान्य पानी से धो लें।
सप्ताह में दो या तीन बार इसका इस्तेमाल काफी माना जाता है। वहीं जिन लोगों की त्वचा संवेदनशील है, उनको केले का छिलका सीधा चेहरे पर लगाने की बजाय पहले कोहली या हाथ के उल्टी ओर पैच टेस्ट जरूर करना चाहिए।
केले के छिलके का नुस्खा कितना काम करता है
घरेलू नुस्खों की सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे आसान और सस्ते होते हैं। लेकिन उनकी सबसे बड़ी सीमा भी यही है कि उनसे चमत्कारिक परिणाम की उम्मीद नहीं की जा सकती।
यानी केले का छिलका त्वचा को थोड़ी नमी और ताजगी देने में मदद कर सकता है, लेकिन स्वस्थ और खूबसूरत त्वचा का असली राज आज भी वही पुरानी बातें हैं - संतुलित आहार, पर्याप्त पानी, अच्छी नींद आदि। इसलिए अगर आप केले के छिलके को अपने ब्यूटी रूटीन में शामिल करना चाहते हैं तो इसे एक सहायक उपाय की तरह देखें, किसी जादुई इलाज की तरह नहीं।
