लाइफस्टाइल

Baisakhi 2026: बैसाखी सेलिब्रेशन के लिए परफेक्ट पंजाबी थाली, हर बाइट में मिलता है बेमिसाल स्वाद, हर फूड लवर की है फेवरेट ट्रेडिशनल डिशेज

Baisakhi 2026 Traditional Punjabi thali: बैसाखी सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि खुशियों, फसल और नए शुरुआत का जश्न है। खासकर पंजाब में इस दिन घर-घर में स्वाद से भरी ट्रेडिशनल डिशेज बनाई जाती हैं, जानें इनके बारे में।

Image

बैसाखी सेलिब्रेशन के लिए परफेक्ट पंजाबी थाली (pc- pinterest.com)

Baisakhi 2026 Traditional Punjabi Thali: बैसाखी पंजाब का एक बेहद खास त्योहार है, जिसे हर साल फसल कटाई और नई उम्मीदों के साथ मनाया जाता है। यह दिन किसानों के लिए उनकी मेहनत का फल मिलने की खुशी लेकर आता है। इस मौके पर हर तरफ रंग, संगीत और उत्सव का माहौल होता है।

इस खास दिन को और भी यादगार बनाती है घरों में बनने वाली पारंपरिक पंजाबी थाली। देसी मसालों की खुशबू, ताजी सब्जियों का स्वाद और सादगी से भरा यह खाना सिर्फ पेट ही नहीं, दिल भी भर देता है। पंजाबी थाली में शामिल हर डिश अपने आप में खास होती है और पंजाब की संस्कृति की झलक दिखाती है। ऐसे में आप भी बैसाखी पर इन स्पेशल डिशेज को बनाकर अपने परिवार और दोस्तों के साथ इस त्योहार का आनंद दोगुना कर सकते हैं।

सरसों का साग और मक्की की रोटी

सरसों का साग और मक्की की रोटी पंजाब की पहचान मानी जाती है। बैसाखी के मौके पर इस डिश का स्वाद लेना तो जैसे एक परंपरा है। सरसों के ताजे पत्तों के साथ पालक और बथुआ मिलाकर तैयार किया गया साग, जिसमें लहसुन का तड़का लगा हो - यह स्वाद हर किसी को पसंद आता है। इसके साथ गरमा-गरम मक्की की रोटी, ऊपर से सफेद मक्खन और साथ में थोड़ा सा गुड़… बस, यही कॉम्बिनेशन इस डिश को खास बना देता है। भले ही यह सर्दियों में ज्यादा खाई जाती हो, लेकिन बैसाखी पर इसे बनाना त्योहार का मजा दोगुना कर देता है।

पिंडी छोले

पिंडी छोले पंजाब की एक बेहद मशहूर और चटपटी डिश है। इसकी खास बात है इसका गाढ़ा रंग और मसालों का गहरा स्वाद। इसमें आम छोले की तरह ज्यादा ग्रेवी नहीं होती, बल्कि सूखे मसालों का ऐसा बैलेंस होता है जो इसे अलग पहचान देता है। इसे बनाने में चाय पत्ती का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका रंग और फ्लेवर दोनों निखरकर आते हैं। काला नमक और देसी मसाले इसे और भी स्वादिष्ट बना देते हैं। पिंडी छोले को भटूरे, पूरी या रोटी के साथ खाया जाता है और यह किसी भी पंजाबी थाली की जान होती है।

पंजाबी कढ़ी

पंजाबी कढ़ी का स्वाद ही कुछ अलग होता है। खट्टे दही और बेसन से बनी यह कढ़ी अपने गाढ़ेपन और खास फ्लेवर के लिए जानी जाती है। इसमें डाले गए नरम-नरम पकौड़े पूरे स्वाद को और बढ़ा देते हैं। ऊपर से सूखी लाल मिर्च, हींग और कसूरी मेथी का तड़का इसे और भी लाजवाब बना देता है। गरमा-गरम कढ़ी को चावल के साथ खाने का मजा ही अलग है। बैसाखी जैसे खास मौके पर यह डिश थाली में जरूर शामिल की जाती है।

केसरी चावल

मीठे में केसरी चावल बैसाखी की थाली को पूरा करते हैं। बासमती चावल, केसर, इलायची और सूखे मेवों के साथ बने ये चावल खाने में जितने स्वादिष्ट होते हैं, दिखने में भी उतने ही आकर्षक लगते हैं। काजू, बादाम और किशमिश का इस्तेमाल इसे रिच स्वाद देता है। यह डिश अक्सर पूजा, लंगर या त्योहारों में बनाई जाती है और हर उम्र के लोगों को पसंद आती है।

लस्सी

बैसाखी का जश्न लस्सी के बिना अधूरा लगता है। दही से बनी यह ठंडी और ताजगी भरी ड्रिंक गर्मियों में राहत देती है। मीठी लस्सी की गाढ़ी बनावट और ऊपर जमी मलाई इसका स्वाद और बढ़ा देती है। कई जगहों पर इसमें इलायची, केसर या गुलाब जल भी मिलाया जाता है, जिससे इसकी खुशबू और भी बढ़ जाती है। बड़े गिलास या मिट्टी के कुल्हड़ में परोसी गई लस्सी का देसी अंदाज हर किसी को पसंद आता है।

बैसाखी सिर्फ खेती और खुशहाली का त्योहार नहीं है, बल्कि स्वाद और परंपरा का भी जश्न है। इस दिन बनाई जाने वाली पंजाबी थाली में हर डिश का अपना अलग स्वाद और महत्व होता है। अगर आप भी इस बैसाखी को खास बनाना चाहते हैं, तो इन ट्रेडिशनल डिशेज को जरूर ट्राई करें और अपने अपनों के साथ मिलकर इस त्योहार का आनंद उठाएं।

यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article