आजकल लोग अपने घर में सिर्फ फूलों के पौधे ही नहीं, बल्कि ऐसे पौधे भी लगाना पसंद कर रहे हैं जिनका इस्तेमाल आयुर्वेद में भी किया जाता है। अश्वगंधा (Ashwagandha) ऐसा ही एक मशहूर पौधा है। इसे सदियों से आयुर्वेदिक चिकित्सा में इस्तेमाल किया जाता रहा है। अगर आपके घर में छोटी-सी बालकनी, छत या आंगन है, तो आप इसे आसानी से गमले में भी उगा सकते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - Rain Garden क्या होता है, बारिश में अपने किचन गार्डन में कौन सी सब्जियां उगा सकते हैं
इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बहुत ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती। बस सही मिट्टी, पर्याप्त धूप और समय-समय पर पानी देने से पौधा अच्छी तरह बढ़ने लगता है। अगर आप भी अपने होम गार्डन में कुछ नया और उपयोगी पौधा जोड़ना चाहते हैं, तो अश्वगंधा एक अच्छा विकल्प हो सकता है। देखें अश्वगंधा का पौधा कैसे उगाएं, गार्डनिंग टिप्स।
अच्छी क्वालिटी के बीज या पौधा चुनें
अश्वगंधा लगाने के लिए सबसे पहले अच्छी गुणवत्ता वाले बीज या किसी भरोसेमंद नर्सरी से छोटा पौधा खरीदें। स्वस्थ बीज और पौधे जल्दी बढ़ते हैं और अच्छी ग्रोथ देते हैं।
ऐसी मिट्टी में करें रोपाई
अश्वगंधा के लिए ऐसी मिट्टी सबसे अच्छी मानी जाती है जिसमें पानी जमा न हो। गार्डन की मिट्टी में थोड़ी रेत और जैविक खाद मिलाकर इस्तेमाल करें। इससे पौधे की ग्रोथ काफी अच्छी होगी।
धूप वाली जगह रखें गमला
अश्वगंधा का पौधा खुली धूप पसंद करता है। कोशिश करें कि इसे रोज़ कम से कम 5 से 6 घंटे धूप मिले। धूप मिलने से पौधा मजबूत और स्वस्थ रहता है।
जरूरत के अनुसार ही पानी दें
अश्वगंधा को बहुत ज्यादा पानी पसंद नहीं होता। मिट्टी सूखी लगे तभी पानी दें। अगर गमले में लगातार नमी बनी रहे, तो जड़ें खराब होने का खतरा बढ़ सकता है।
इसी के साथ साथ हर महीने थोड़ी-सी गोबर की सड़ी हुई खाद या वर्मी कम्पोस्ट डाल सकते हैं। इससे पौधे को जरूरी पोषण मिलता है और उसकी बढ़त अच्छी रहती है। वहीं अगर आप घर में अश्वगंधा का पौधा उगा रहे हैं तो, उस गमले में उगने वाली घास या सूखी पत्तियों को समय-समय पर साफ करते रहें। इससे पौधे को हवा और पोषण सही तरीके से मिलता है और वह स्वस्थ बना रहता है।
अश्वगंधा का पौधा बहुत तेजी से नहीं बढ़ता, इसलिए जल्दबाजी न करें। नियमित देखभाल के साथ कुछ महीनों में पौधा अच्छी तरह तैयार हो जाता है। सही वातावरण और देखभाल से आपके गार्डन में अश्वगंधा का पौधा अच्छे से उग जाएगा और आपके होम गार्डन की खूबसूरती बढ़ा देगा।
