Asha Bhosle Saree Collection: आशा भोसले भारतीय संगीत की वो आवाज हैं जो सिर्फ गाने नहीं गातीं, बल्कि दिल की गहराइयों तक उतर जाती हैं। उनका नाम सुनते ही जैसे यादों का एक पूरा कारवां सामने आ जाता है। आज वो हमारे बीच नहीं हैं और उनके जाने से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। आशा जी की छवि देखिए, तो हर दौर में एक अलग साड़ी लुक सामने आता है। कभी वो हल्की, सादगी भरी कॉटन साड़ी में दिखतीं, जिसमें एक घरेलू अपनापन भरा रूप झलकता था। ऐसा लगता था जैसे वो कोई बड़ी स्टार नहीं, बल्कि हमारे अपने घर की कोई सदस्य हों। फिर आते हैं उनके ग्लैमरस अंदाज- चमकदार सिल्क और जॉर्जेट साड़ियों में, पतले बॉर्डर, स्टाइलिश पल्लू और बड़े- बड़े इयररिंग्स के साथ। जब वो स्टेज पर गाती थीं, तो उनकी साड़ी भी उनके साथ परफॉर्म करती थी, हर मूवमेंट के साथ लहराती हुई, जैसे गाने की लय में शामिल हो। खास मौकों पर ताई भारी कढ़ाई वाली साड़ियों में दिखतीं, जो उनकी शान और अनुभव को बयां करती थीं। यहां हम आपको आशा भोसले की कुछ ऑइकॉनिक और पसंदीदा साड़ियों के बारे में ही बता रहे हैं।

आशा भोसले की सफेद साड़ियां (pc: instagram)
आशा ताई की साड़ी स्टाइल की बात करें, तो उसमें सिर्फ रंग और फैशन नहीं, बल्कि एक गहरी सादगी और परंपरा की झलक भी दिखती है। खास बात यह है कि अपने शुरुआती दौर में वो और उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर दोनों अक्सर सफेद साड़ियां ही पहना करती थीं। जब आशा जी सफेद साड़ी में नजर आती थीं, तो उसमें कोई बनावटी चमक नहीं होती थी, लेकिन फिर भी एक अलग ही आभा होती थी। वो लुक बहुत सिंपल था, लेकिन उसी सादगी में उनकी असली खूबसूरती छुपी थी।

सिल्क गुलाबी साड़ी में आशा भोसले (pc: instagram)
लेकिन जैसे-जैसे समय बदला, आशा भोसले ने अपने साड़ी स्टाइल में रंग भरने शुरू किए। ताई ने अलग-अलग रंगों, प्रिंट्स और फैब्रिक्स के साथ एक्सपेरिमेंट किया। खासतौर से गुलाबी रंग की सिल्क की साड़ियां आशा भोसले को भाने लगी थीं।

आशा भोसले की नीली-हरी बनारसी साड़ियां (pc: instagram)
सफेद साड़ी से शुरू हुआ उनका सफर बाद में रंगों की दुनिया में बदल गया। यहां आप आशा भोसले को नीली और हरे रंग की बनारसी सिल्क साड़ी में मुस्काते देख सकते हैं। साथ में वो एक जूलरी जरूर कैरी करती थीं।
आशा भोसले को देखकर ये समझ आता है कि असली खूबसूरती ट्रेंड्स में नहीं, बल्कि अपने आप को सच्चाई से जीने में होती है। और उन्होंने साड़ी के जरिए यही सिखाया कि अगर आप अपने अंदाज़ में सच्चे हैं, तो वही आपका सबसे बड़ा स्टाइल बन जाता है।
