छोड़ें पीछे रह जाने का गम, अंकुर वारिकू ने बताए ऐसे संकेत जो साबित करेंगे कि आप काफी आगे हैं

दूसरों की टाइमलाइन देखने के बजाय अपने सफर पर नजर डालिए। हो सकता है, आप जिस जगह को ठहराव समझ रहे हैं, वह असल में आपकी सबसे बड़ी प्रगति हो।

किसी की नई नौकरी लग गई, किसी ने घर खरीद लिया, कोई विदेश घूम आया और कोई सोशल मीडिया पर अपनी कामयाबी की कहानी सुना रहा है। ऐसे में कई बार हमें लगता है कि हम वहीं खड़े हैं और बाकी दुनिया आगे निकल गई। लेकिन क्या सच में ऐसा है? अंकुर वारिकू ने सोशल मीडिया पोस्ट में ऐसे 20 संकेत बताए हैं, जो बताते हैं कि हो सकता है आप जितना समझ रहे हैं, उससे कहीं बेहतर कर रहे हों।

Ankur Warikoo

क्या आपको भी लगता है कि आप जिंदगी में पीछे छूट रहे हैं?

हर महीने बिल चुका पाना भी उपलब्धि है

अगर आप हर महीने अपने बिल चुका पा रहे हैं और जरूरी चीजों के बाद कभी-कभार अपनी पसंद की चीज पर भी खर्च कर लेते हैं, तो यह छोटी बात नहीं है। आपके पास ऐसी आमदनी है जो खाना, कपड़े और रहने जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी कर रही है। कई बार हम इस स्थिरता को सफलता मानते ही नहीं, जबकि यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

आपके पास खाली समय है तो यह भी अच्छी बात है

वारिकू के मुताबिक, अगर आपके पास कुछ ऐसा करने का समय है जो आपको अच्छा लगता है, तो इसे भी अपनी प्रगति का संकेत मानिए। चाहे वह किताब पढ़ना हो, नेटफ्लिक्स देखना, कॉन्सर्ट में जाना, कसरत करना या एक दिन की छोटी यात्रा। जिंदगी सिर्फ काम और जिम्मेदारियों का नाम नहीं है। अपने लिए समय निकाल पाना भी एक तरह की आजादी है।

आपके पास बहुत सारे दोस्त होना जरूरी नहीं

आपके पास अगर सिर्फ एक या दो ऐसे दोस्त हैं, जिनसे आप दिल की बात कह सकते हैं, तो यह काफी है। हर रिश्ते का बड़ा होना जरूरी नहीं। कुछ रिश्तों का सच्चा होना ज्यादा मायने रखता है। इसी तरह अगर आपको पता है कि जिंदगी में कुछ ठीक नहीं चल रहा, भले ही अभी उसका समाधान न मालूम हो, तो यह भी आत्म-जागरूकता का संकेत है।

आप एक साल पहले जैसे नहीं रहे

वारिकू की सूची में एक बेहद दिलचस्प बात है कि अगर आप एक साल पहले वाले इंसान नहीं हैं, तो यह भी प्रगति है। अनुभव, गलतियां और मुश्किलें इंसान को बदलती हैं। हो सकता है आज आप पहले से ज्यादा समझदार, सावधान या मजबूत हों, लेकिन इस बदलाव को उपलब्धि की तरह देखना भूल गए हों।

आपने कुछ गलत चीजों से दूरी बनाई है

किसी जहरीले रिश्ते से बाहर निकलना, अपनी सीमाएं तय करना या यह समझ पाना कि कौन-सी चीज आपके लिए सही नहीं है- ये भी जिंदगी में आगे बढ़ने के संकेत हैं। हर बार आगे बढ़ने का मतलब कुछ नया हासिल करना नहीं होता। कई बार इसका मतलब कुछ ऐसा छोड़ देना भी होता है, जो आपको पीछे खींच रहा था।

आपको अपने छोटे सुख पता हैं

अगर आपको पता है कि कितनी नींद लेने पर आप बेहतर महसूस करते हैं, मुश्किल समय में किससे बात करनी है और खुद को खुश करने के लिए क्या करना है, तो आप अपने आपको समझने लगे हैं। इसी तरह किसी चीज में दिलचस्पी होना, किसी लक्ष्य की तरफ बढ़ना और भविष्य के लिए सिर्फ एक ही रास्ते पर अड़े न रहना भी मानसिक विकास के संकेत हैं।

सबसे बड़ा संकेत

अंकुर वारिकू की पूरी लिस्ट का सबसे मजबूत संदेश यही है कि अगर आपने मुश्किल वक्त देखा है और फिर भी आगे बढ़ रहे हैं, तो आप पहले से ज्यादा मजबूत हैं। जिंदगी शायद आसान नहीं हुई, लेकिन आप मजबूत हुए हैं।

तो अगली बार जब लगे कि सब लोग आपसे आगे निकल गए हैं, तो दूसरों की टाइमलाइन देखने के बजाय अपने सफर पर नजर डालिए। हो सकता है, आप जिस जगह को ठहराव समझ रहे हैं, वह असल में आपकी सबसे बड़ी प्रगति हो।

End Article
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्...

End of Feed