Abhay Deol Goa House: बॉलीवुड एक्टर अभय देओल हमेशा से अपनी अलग सोच और अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। फिल्मों के चुनाव से लेकर अपनी लाइफस्टाइल तक, वह भीड़ से हटकर फैसले लेने में विश्वास रखते हैं। यही बात उनके गोवा वाले घर में भी साफ दिखाई देती है। यह घर किसी आलीशान बंगले जैसा जरूर है, लेकिन इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें एक भी खिड़की नहीं हैं। इसके बजाय पूरे घर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि बाहर का जंगल ही घर के अंदर का हिस्सा महसूस होने लगता है।
जंगल के बीच 'सपनों का महल'
अभय देओल का यह घर उत्तर गोवा के असगांव इलाके में स्थित है। चारों तरफ हरियाली और घने पेड़ों से घिरा यह घर शहर की भागदौड़ और शोर-शराबे से बिल्कुल दूर है। अभिनेता ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब उन्होंने यह जमीन पहली बार देखी, तभी तय कर लिया था कि उनका घर यहीं बनेगा। वह ऐसा घर चाहते थे जो प्रकृति से अलग नहीं, बल्कि उसी का हिस्सा लगे।
आखिर क्यों नहीं बनवाईं खिड़कियां?
इस घर की सबसे दिलचस्प बात इसकी बनावट है। अभय ने अपने आर्किटेक्ट से साफ कहा था कि उन्हें घर में खिड़कियां नहीं चाहिए। उनकी जगह फर्श से छत तक बड़े-बड़े कांच के दरवाजे लगाए गए हैं, जो जरूरत पड़ने पर पूरी तरह खुल जाते हैं। इससे घर के अंदर बैठे हुए भी ऐसा महसूस होता है जैसे आप जंगल के बीच हों। बाहर की हरियाली, ताजी हवा और प्राकृतिक रोशनी हर समय घर का हिस्सा बनी रहती है।

अभय देओल का गोवा वाला घर
ऊंची छत और खुला-खुला लिविंग रूम
अभय चाहते थे कि उनके घर में खुलापन महसूस हो। इसी वजह से लिविंग एरिया की छत काफी ऊंची बनाई गई है। उनका कहना था कि जब मेहमान घर आएं तो उन्हें किसी तरह का बंद माहौल महसूस न हो। यही बड़ा हॉल घर का मुख्य आकर्षण भी है, जहां वे दोस्तों के साथ समय बिताते हैं और मेहमानों की मेजबानी करते हैं।
कम सजावट, शानदार लुक
घर के अंदर जरूरत से ज्यादा सजावट नहीं की गई है। काले ग्रेनाइट का फर्श, लकड़ी की फिनिशिंग और सादी दीवारें इसे प्राकृतिक और सुकून भरा लुक देती हैं। हालांकि सादगी के बीच रंगों की कमी नहीं है। रंग-बिरंगे सोफे, कुर्सियां, कलाकृतियां और इंडोर पौधे पूरे घर को जीवंत बना देते हैं। यहां हर चीज सोच-समझकर रखी गई है ताकि घर का ध्यान बाहर के खूबसूरत नजारों से न हटे।
घर में हैं कई खास कोने
अभय के इस घर में उनकी पसंद और शौक भी साफ नजर आते हैं। यहां योग और मेडिटेशन के लिए अलग जगह है, जहां वे शांति से समय बिताते हैं। संगीत के शौक के कारण उन्होंने एक डीजे कॉर्नर भी बनाया है। इसके अलावा खुला किचन, बरामदा और स्विमिंग पूल इस घर की खूबसूरती को और बढ़ाते हैं।
अभय देओल का यह घर सिर्फ अपनी खूबसूरती की वजह से खास नहीं है, बल्कि अपनी सोच की वजह से भी अलग पहचान रखता है। यहां आलीशान इंटीरियर से ज्यादा महत्व प्रकृति को दिया गया है। घर की डिजाइन यह एहसास कराती है कि अगर सही तरीके से योजना बनाई जाए तो आधुनिक सुविधाओं के साथ भी इंसान प्रकृति के बेहद करीब रह सकता है। शायद यही वजह है कि अभय का यह 'ग्लास हाउस' आज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
