NASA Black Hole Sound Video: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने ब्रह्मांड की सबसे रहस्यमयी वस्तुओं में से एक सुपरमैसिव ब्लैक होल से निकलने वाली डरावनी ध्वनि को कैप्चर किया है। वैज्ञानिकों को हमेशा से सुपरमैसिव ब्लैक होल के बारे में जानने की दिलचस्पी रही है और तभी तो ब्लैक होल से जुड़े कई अध्ययन चल रहे हैं। इस बीच, नासा ने 250 मिलियन प्रकाश वर्ष दूर स्थित एक सुपरमैसिव ब्लैक होल से निकलने वाली डरावनी आवाज कैप्चर की।
सुपरमैसिव ब्लैक की डरावनी आवाज
सुपरमैसिव ब्लैक होल
ब्रह्मांड की लगभग हर बड़ी आकाशगंगा के केंद्र में एक सुपरमैसिव ब्लैक होल होता है और इनके सामने तो भौतिकी के नियम भी नहीं चलते, क्योंकि ब्लैक होल के अपने अलग नियम हैं जिन्हें समझने की लगातार कोशिशें हो रही हैं। डरावनी ध्वनि वाला सुपरमैसिव ब्लैक होल, जिन्हें आसान भाषा में विशालकाय ब्लैक होल भी कहा जाता है, आकाशगंगाओं के पर्सियस समूह के केंद्र में मौजूद है।
आप भी सुनें ब्लैक होल की 'डरावनी' आवाज (Black Hole Sound)
नासा ने साल 2022 में सुपरमैसिव ब्लैक होल की डरावनी आवाज वाला VIDEO जारी किया था। जिसको सुनने पर न सिर्फ ब्लैक होल की आवाज डरावनी लग रही, बल्कि गुस्से वाली भी प्रतीत हो रही है। साइंस अलर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पहला मौका था जब ब्लैक होल की ध्वनि तरंगों को सुनने योग्य बनाया गया। हम भले ही अंतरिक्ष में ध्वनि नहीं सुन सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वहां पर कोई ध्वनि नहीं है।
कब हुई थी खोज?
साल 2003 में वैज्ञानिकों ने हैरान कर देने वाली खोज की। दरअसल, वैज्ञानिकों ने पर्सियस आकाशगंगा समूह के केंद्र में स्थित सुपरमैसिव ब्लैक होल के चारों और प्रचुर मात्रा में गैस के माध्यम से प्रसारित हो रही ध्वनि तरंगों को खोजा, जो अब अपनी डरावनी आवाज के लिए मशहूर है।
वैज्ञानिकों ने ब्लैक होल से निकलने वाली ध्वनि को सुनने लायक बनाया ताकि यह समझा जा सकें कि सुपरमैसिव ब्लैक होल अंतरिक्ष में कैसे चीखते हैं। ब्लैक होल का सबसे निचला स्वर बी-फ्लैट है, जिसकी 2003 में पहचान की गई थी और जिसकी पिच को बढ़ाकर सुनने लायक बनाया गया।
