Rajyasabha Election : जयपुर के रिजॉर्ट में 'कैद' कांग्रेस विधायक, पायलट बोले-दोनों सीटें जीतेंगे 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 11, 2020, 12:45 PM IST

Rajyasabha Election in Rajasthan: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलय ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी दो सीटों पर जीत दर्ज करेगी। कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं। कांग्रेस के सभी विधायक जयपुर में हैं।

Rajyasabha Election : जयपुर के रिजॉर्ट में 'कैद' कांग्रेस विधायक, पायलट बोले-दोनों सीटें जीतेंगे 
Photo Credit: Times Now

जयपुर : कुछ राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के  साथ शह-मात की लड़ाई में पिछड़ जाने वाली कांग्रेस राज्यसभा चुनावों को लेकर काफी सचेत हो गई है। गुजरात में अपने विधायकों का साथ छोड़ने का भय उसे राजस्थान में भी सता रहा है। राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों पर 19 जून को मतदान होना है। कांग्रेस को आशंका है कि गुजरात की तरह भाजपा यहां भी उसके विधायकों में तोड़-फोड़ करने की कोशिश कर सकती है। इस आशंका में उसने अपने सभी विधायकों को जयपुर के एक रिसॉर्ट में रखा है। राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को भाजपा पर अपने विधायकों को लालच देने का आरोप लगाया। 

विधायकों को एकजुट रखना चाहती है कांग्रेस
अपने विधायकों को एकजुट रखने के प्रयासों में जुटे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा है कि कुछ राज्यों के अनुभव को देखते हुए कुछ लोग यहां भी कोशिश कर सकते हैं। पायलट ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं। कांग्रेस यहां राज्यसभा की दो सीटें जीतेगी। मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत में पायलट ने कहा, 'कांग्रेस के विधायक एकजुट हैं। भाजपा के दूसरे उम्मीदवार की दूर-दूर तक जीतने की संभावना नहीं है। निर्दलीय  हमारे साथ हैं। हमारे पास पर्याप्त बहुमत है।  संख्याबल और गणित हमारे पक्ष में है। राज्य में कांग्रेस ने उपचुनाव और विधानसभा चुनाव जीता। कांग्रेस पार्टी उम्मीद से ज्यादा मत हासिल कर राज्यसभा की दोनों सीटें जीतेगी। अलग-अलग राज्यों में जो कुछ हो रहा है उसका अनुभव हमें है। यहां भी लोग कुछ करने की कोशिश करेंगे।'

गहलोत का चौंकाने वाला खुलासा
मुख्यमंत्री गहलोत ने गुरुवार को सबको चौंकाते हुए दावा किया कि भाजपा हमारे विधायकों को अपने साथ आने के लिए 25 करोड़ रुपए का ऑफर दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कुछ विधायकों को यह पेशकश की है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा मध्य प्रदेश की तरह  उनकी सरकार को अस्थिर करना चाहती है। इसके लिए विधायकों को 10 करोड़ रुपए एडवांस की पेशकश की जा रही है।

जयपुर के रिसॉर्ट में रखे गए सभी विधायक
राज्य में कांग्रेस विधायकों में तोड़फोड़ की आशंका को देखते हुए कांग्रेस काफी सतर्क है और अपने सभी विधायकों को जयपुर में एक रिसॉर्ट में रखा है। पार्टी विधायकों को एकजुट रखने में पूरी ताकत लगा दी है। इसे इस बात से भी समझा जा सकता है कि दिल्ली से जयपुर पहुंचे कांग्रेस के नेताओं के साथ उनकी बैठक कराई गई है। सचिन पायलट लगातार सभी विधायकों के सात संपर्क में है। वह आज भी उनके साथ बैठक करने वाले हैं। कांग्रेस निर्दलीय विधायकों को अपने साथ रखने की कोशिश में है। निर्दलीय विधायक महादेव सिंह खंडला का कहना है कि वह कांग्रेस के साथ हैं और उन्हें कोई ऑफर नहीं मिला है। 

कांग्रेस का दावा-निर्दलीय भी साथ
बताया जा रहा है कि शिव विलास रिसॉर्ट के बाहर गहलोत सरकार ने सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए हैं। करीब 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में रिसॉर्ट के बाहर तैनात किया गया है। 19 जून को होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस ने केसी वेणुगोपाल और नीरज डांगी को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि भाजपा ने राजेंद्र गहलोत और ओमकार सिंह लखावत को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। गहलोत का कहना है कि भाजपा गुजरात एवं राजस्थान में विधायकों में तोड़-फोड़ नहीं कर पाई इसलिए राज्यसभा का चुनाव टाल दिया गया।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!