देश

'हमलावरों पर होगी कड़ी से कड़ी कार्रवाई', यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए हमले पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन

गाजियाबाद के लोनी इलाके में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। सीएम ने घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

Image

सलीम वास्तिक पर हुए हमले को लेकर सीएम योगी का सख्त आदेश।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक (Saleem Wastik) पर हुए जानलेवा हमले के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री (Yogi Adityanath) ने कड़ा एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो: सीएम योगी

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि राज्य में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में आतंक या भय का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून अपना काम करेगा और प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

सलीम वास्तिक पर चाकू से हुए हमले

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी इलाके में शुक्रवार सुबह एक भयानक हमला हुआ जिसमें चर्चित यूट्यूबर सलीम वास्तिक को उनके घर के भीतर चाकू से कई बार गोद दिया गया। यह हमला उनके छोटे कार्यालय में हुआ, जहां वे काम कर रहे थे। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना अशोक विहार कॉलोनी में हुई, जब दो युवक बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर आए और हेलमेट पहने हुए थे। उन्होंने अचानक सलीम पर हमला कर उनकी गर्दन और पेट पर कई बार चाकू से वार किए और फिर मौके से भाग गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें गंभीर हालात में पास के अस्पताल ले जाया, जहां से उन्हें दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हमले के बाद पुलिस ने डायल 112 के जरिये सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच कर तुरंत जांच शुरू की। घायल व्यक्ति की पहचान नूर हसन के पुत्र सलीम वास्तिक (लगभग 50 वर्ष) के रूप में की गई और उनके बेटे उस्मान द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि संदिग्धों को पकड़ने में मदद मिल सके।

यूट्यूब चैनल पर अपने विचार रखते थे सलीम

सलीम वास्तिक ने अपने यूट्यूब चैनल और टीवी डिबेटों के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए हैं और वे अक्सर धर्म और सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय साझा करते रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि उनके उन बयानों से विवाद उत्पन्न हुआ, हालांकि पुलिस ने अभी तक हमले का स्पष्ट मोटिव तय नहीं किया है और हर संभव पहलू की जांच कर रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!