देश

रणवीर इलाहाबादिया ने फिर मांगी माफी, कहा- मुझे और परिवार को मिल रही हैं धमकियां, डर लग रहा है

शनिवार को इलाहाबादिया ने एक्स पर एक और माफीनामा जारी किया और कहा कि वह और उनकी टीम पुलिस और अन्य सभी अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है।

Image

रणवीर इलाहाबादिया

Photo : PTI

Ranveer Allahbadia Apologises Again: यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने माता-पिता और सेक्स पर अपनी टिप्पणी के लिए शनिवार को फिर से माफी मांगी। साथ ही कहा कि वह डरा हुआ है क्योंकि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इलाहाबादिया समय रैना के कॉमेडी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में माता-पिता और सेक्स पर अपनी टिप्पणी को लेकर विवादों में घिर गए थे। विभिन्न सोशल मीडिया मंच पर इलाहाबादिया के 1.6 करोड़ फॉलोअर हैं।

रणवीर ने कहा, मेरी टिप्पणी असंवेदनशील और अपमानजनक थी

विवाद बढ़ने के साथ इलाहाबादिया और शो से जुड़े लोगों के खिलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई। इलाहाबादिया ने अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगी थी। शनिवार को इलाहाबादिया ने एक्स पर एक और माफीनामा जारी किया और कहा कि वह और उनकी टीम पुलिस और अन्य सभी अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है। इलाहाबादिया ने कहा, मैं उचित प्रक्रिया का पालन करूंगा और सभी एजेंसियों के लिए उपलब्ध रहूंगा। माता-पिता के बारे में मेरी टिप्पणी असंवेदनशील और अपमानजनक थी। बेहतर करना मेरी नैतिक जिम्मेदारी है और मैं वास्तव में इसके लिए खेद व्यक्त करता हूं।

मुझे जान से मारने की धमकियां मिल रहीं

इलाहाबादिया ने लिखा, लोग मुझे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और कह रहे हैं कि वे मुझे मारना चाहते हैं और मेरे परिवार को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। लोग मरीज बनकर मेरी मां के क्लिनिक में घुस आए। मैं डरा हुआ महसूस कर रहा हूं और मुझे नहीं पता कि क्या करना है। लेकिन मैं भाग नहीं रहा हूं। मुझे पुलिस और भारत की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।

उधर, समय रैना ने यूट्यूब से शो के सभी 18 एपिसोड हटा दिए हैं। रैना ने कहा है कि वह अधिकारियों के साथ सहयोग करेगा। अपनी टिप्पणी के कारण इलाहाबादिया और शो के अन्य लोगों के खिलाफ मुंबई और गुवाहाटी में पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।

संसद में भी गूंज

इस मुद्दे पर संसद में भी चर्चा हुई और संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति की बैठक में विभिन्न दलों के सदस्यों ने इलाहाबादिया की टिप्पणी पर चिंता व्यक्त की औक उन्हें दंडित करने के लिए कड़े कदम उठाने और यह सुनिश्चित करने की मांग की कि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। राष्ट्रीय महिला आयोग ने इलाहाबादिया, रैना और शो में शामिल अपूर्वा मुखीजा, जसप्रीत सिंह और आशीष चंचलानी के साथ-साथ शो के निर्माता तुषार पुजारी और सौरभ बोथरा को 17 फरवरी को नयी दिल्ली में अपने समक्ष पेश होने को कहा है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article