देश

World Environment Day: CM योगी से लेकर रेखा गुप्ता तक... देश के दिग्गज नेताओं ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का किया शुभारंभ

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 5, 2026, 12:35 PM IST

World Environment Day: विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर देशभर में 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' अभियान के तहत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, सीएम योगी आदित्यनाथ , केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा समेत कई नेताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नेताओं ने लोगों से जल संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

Image

देश के दिग्गज नेताओं ने एक पेड़ मां के नाम अभियान में लिया हिस्सा। ANI

Photo : ANI

World Environment Day: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर देशभर में आज 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' अभियान चलाया जा रहा है। देश के अलग अलग राज्यों के मु्ख्यमंत्रियों और नेताओं ने इस अभियान में हिस्सा लिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विश्व वानिकी वृक्षारोपण उद्यान में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण में भाग लिया।

भजनलाल शर्मा ने कहा,"मैं राज्य के लोगों से राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने का आग्रह करता हूं। हमारे यहां पर्यावरण संरक्षण के लिए वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान भी चल रहा है। हम सभी को जल बचाना है और सभी को इसमें भाग लेना चाहिए। आज हमने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत 'हरियालो राजस्थान' का आयोजन भी किया है। हमें अपने राजस्थान को हरियाली राजस्थान बनाने के लिए एकजुट होना होगा।”

बीजेपी के कार्यकर्ता देशभर में कर रहे वृक्षारोपण: जेपी नड्डा

वहीं, मेघालय की राजधानी शिलांग में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पौधा लगाकर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में भाग लिया।

जेपी नड्डा ने कहा,"प्रधानमंत्री मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अनुरूप, भाजपा के सभी कार्यकर्ता और नेता विश्व पर्यावरण दिवस पर देशभर में वृक्षारोपण कर रहे हैं। प्रकृति हमें जीवन देती है, हमारी रक्षा करती है और हमारे जीवन को आसान बनाती है। इसी के अनुरूप, हमने भी आज शिलांग में पौधे लगाए।”

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में मैदनगढ़ी स्थित 'नमो ऑक्सीजन वैन' में एक पौधा लगाया। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत एक पेड़ लगाया।

सीएम योगी ने भी अभियान में लिया हिस्सा

वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "आज विश्व पर्यावरण दिवस है; आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। पूरी दुनिया इस समय गंभीर पर्यावरणीय समस्याओं से जूझ रही है... हम इस पर्यावरणीय परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों को देख रहे हैं... यह मानव निर्मित आपदा है, और इस समस्या का समाधान भी मनुष्यों को ही खोजना होगा। पृथ्वी के प्रति अपने दायित्वों को निभाते हुए, हमने प्रत्येक नागरिक के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान शुरू किया है।"

विश्व पर्यावरण दिवस हर साल 5 जून को पूरी दुनिया में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इसकी शुरुआत संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा साल 1972 में आयोजित स्टॉकहोम सम्मेलन के दौरान की गई थी, जिसके बाद 5 जून 1974 को पहली बार आधिकारिक तौर पर यह दिवस मनाया गया।

वर्तमान समय में ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन और लुप्त होती जैव विविधता के संकट को देखते हुए इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया है। यह दिन पूरी मानव जाति को याद दिलाता है कि प्रदूषण पर लगाम लगाना, पेड़-पौधे लगाना और जल स्रोतों को बचाना अब केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि धरती पर जीवन को बचाए रखने के लिए सबसे बड़ी जरूरत है।

End of Article